इंदौर में टैक्स चोरी का मामला सामने आया है। इसका खुलासा तब हुआ जब जीआरपी इंदौर ने करीब 57 लाख की सिगरेट जब्त की। पहले आशंका जताई गई थी कि नकली सिगरेट है लेकिन वे असली निकली। मामला वाणिज्यिक कर विभाग को सौंपा है।
जानकारी के मुबाबिक इंदौर के रेलवे पार्सल घर से जीआरपी ने सिगरेट के कार्टून जब्त किए। भोपाल से अब्दुल्ला नामक व्यक्ति ने ये पार्सल बुक करवाया था। इंदौर में इसे कोई लेने नहीं आया तो पुलिस ने संदेह के आधार पर इसे जब्त किया। पुलिस को यह सूचना मिली थी कि पार्सल घर में नकली सिगरेट के कार्टून पड़े हैं। इस पर जीआरपी वहां पहुंची और उसे जब्त किया। जांच में सिगरेट असली निकली लेकिन कर चोरी की बात सामने आई। यह पता चला है कि 9 दिसंबर को बुकिंग की गई थी और 12 दिसंबर को सिगरेट इंदौर पहुंची थी। इसे लेने कोई नहीं आया और कार्टून पार्सल घर में ही पड़े रहे। इस पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने 20 बोरियों में 80 कार्टून जब्त किए हैं। बुकिंग करवाने वाले ने इनकी कीमत 35 हजार रुपये दर्शाई थी लेकिन जांच में इनकी कीमत करीब 57 लाख रुपये आंकी गई है। इसकी सूचना वाणिज्यिक कर विभाग को दी गई। वाणिज्यिक कर विभाग के उप आयुक्त डॉ. आरके सलूजा सहित टीम मौके पर पहुंची और सिगरेट को अपने कब्जे में लिया। कार्टून में रखे बॉक्स को खोलकर देखने पर प्रत्येक बॉक्स में 25 पैकेट रखे मिले। रेलवे पुलिस भी इस मामले में जांच कर रही है।