शहर में जिम ट्रेनर ने एक युवक को स्टेरॉइड के इंजेक्शन लगा दिए। वजन और स्टेमिना बढ़ाने के लिए ये इंजेक्शन लगाए गए। इसके बाद युवक की तबीयत बिगड़ने लगी। उसके प्राइवेट पार्ट में तकलीफ होने लगी। इसके बाद युवक ने पुलिस से शिकायत की।
एमआईजी थाना पुलिस के मुताबिक फरियादी 20 वर्षीय एजाज मजीद निवासी चंपाबाग सियागंज ने शिकायत दर्ज करवाई है। एजाज ने बताया कि अनूप नगर में वन लाइफ फिटनेस जिम है। वह जिम में जाता था। जिम के ट्रेनर सफीक उर्फ सोनू खान और रईस खान ने उसे मोटा करने और वजन बढ़ाने के लिए इंजेक्शन लगाए। ये स्टेरॉइड के इंजेक्शन थे। इनको लगाने के बाद प्राइवेट पार्ट में तकलीफ होने लगी। रविवार को भी सोनू खान ने एजाज को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन के लिए उपयोग की गई दवाई की शीशी बैग में रखते समय सोनू के बैग से प्रतिबंधित दवाई का पर्चा गिर गया। इसे पढ़ने के बाद एजाज को पता चला कि उसे प्रतिबंधित दवाइयों के इंजेक्शन लगाए गए हैं।
बताया गया कि इंजेक्शन के बदले उससे तीन सालों में ढाई लाख रुपये भी वसूल लिए। एजाज ने थाने पहुंचकर सोनू खान व उसके भाई रईस खान के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने आयुर्विज्ञान परिषद अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 2019 से आरोपी उसे इंजेक्शन लगा रहे थे। सप्ताह में दो से तीन बार उसे इंजेक्शन लगाए जाते थे। पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दवाई और इंजेक्शन जब्त किए गए हैं। उसका भाई रईस फरार है।