निगम कमिश्नर ने लिया तैयारियों का जायजा और देर रात अपलोड किए गए दस्तावेज
- फोटो : सोशल मीडिया
पांच बार देश के सबसे स्वच्छ शहर होने का गौरव हासिल करने वाला इंदौर अब छठी बार इस खिताब को जीतने की तैयारी में है। कागजी कार्रवाई पूरी हो चुकी है और नगर निगम ने इसके लिए जरूरी दस्तावेज तैयार कर भारत सरकार को भेज दिए हैं। जो दावे नगर निगम ने किए हैं उनकी वस्तुस्थिति देखने के लिए स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम मार्च में इंदौर आएगी।
दरअसल पांच बार से नगर निगम देश का सबसे स्वच्छ शहर है। यह अपने आप में रिकॉर्ड है जिसे तोड़ पाना बहुत मुश्किल लग रहा है। नगर निगम यहां पर ही नहीं रूका है और अब छठी बार यह खिताब अपने नाम करना चाहता है। इसके लिए नगर निगम की टीम बीते कई महीनों से तैयारियों में जुटी हुई है। शहर की साफ-सफाई के साथ दस्तावेज तैयार करने में टीम जुटी हुई थी। इन दस्तावेजों को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही थी और शनिवार देर रात को ये काम पूरा हुआ। नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल सहित अन्य अधिकारियों ने इन दस्तावेजों को देखा और देर रात को ही लाखों पन्नों के इन दस्तावेजों को ऑनलाइन अपलोड किया गया। बताया जा रहा है कि बीते कई दिनों से स्मार्ट सिटी से लेकर अन्य विभाग अब तक किए गए कार्यों की रिपोर्ट तैयार करने में जुटे थे। स्मार्ट सिटी के दफ्तर में शनिवार दिनभर यह काम चला और इसे देखने निगमायुक्त प्रतिभा पाल सहित अन्य अधिकारी भी पहुंचे। इनकी पड़ताल करने के बाद दस्तावेजों को भारत सरकार को भेजा गया। चूंकि आखिरी तारीख थी इस कारण नगर निगम टीम रातभर काम में जुटी रही और अपलोड करने के बाद राहत की सांस ली। इन दस्तावेजों में दर्शाए गए कामों और किए गए दावों की हकीकत देखने के लिए मार्च माह में स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम इंदौर आएगी। नगर निगम का दावा यही है कि छठी बार भी इंदौर को सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिलेगा। हालांकि इस बार देश के दूसरे शहर भी इंदौर की तर्ज पर, इंदौर से प्रेरणा लेकर स्वच्छता को लेकर बेहतर तैयारी में जुटे हैं। इस कारण इस बार मुकाबला कड़ा रहने की उम्मीद है।