मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में मंगलवार की रात चलती ट्रेन में 21 वर्षीय युवती की गला रेत कर हत्या कर दी गई। हत्या करने से पहले युवती का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने की कोशिश भी की गई थी।
सीहोर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएस चौहान ने बताया कि मृतका की पहचान मुस्कान हादा के रूप में हुई है। घटना सीहोर रेलवे स्टेशन से करीब दो किलोमीटर पहले इंदौर-बिलासपुर एक्सप्रेस ट्रेन में हुई।
वह इंदौर से ट्रेन में बैठी थी और नौकरी की तलाश में अपनी दोस्त के पास भोपाल जा रही थी। चौहान ने बताया कि मृतका के भाई ने पुलिस को सूचना दी। हालांकि, आरोपी पहले ही फरार हो चुके थे।
चौहान ने बताया कि यात्रा कर रहे लोगों ने चलती ट्रेन में चिल्लाने की आवाज सुनी और तभी युवती अपनी सीट की तरफ भागती हुई आई और गिर पड़ी। उन्होंने कहा कि हमलावरों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अुसार इंदौर का निवासी सागर सोनी लंबे समय से युवती का पीछा कर कहा था। वह भी उसी ट्रेन में था जिसमें युवती थी। युवती ने जब सोनी को देखा तो अपने छोटे भाई को यह बात बताई।
पुलिस के अनुसार ट्रेन में शौचालय के पास दोनों मिले और उनके बीच बहस हुई। इसके बाद सोनी ने चाकू निकाला और उसके गले पर वार कर दिया। इसके बाद वह ट्रेन से कूदकर वहां से भाग निकला।
वहीं, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सागर सोनी को भोपाल से गिरफ्ताकर कर लिया। वह इंदौर रेलवे स्टेशन पर हॉकर का काम करता था। सोनी पर हत्या का आरोप लगाया गया है और जेल भेज दिया गया है।