रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए रेलवे के जीएम
- फोटो : सोशल मीडिया
पश्चिम व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) अनिल कुमार लाहोटी रविवार को इंदौर पहुंचे। रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और डिप्टी चीफ इंजीनियर्स, (निर्माण) इंदौर व रतलाम मंडल के ब्रांच अधिकारियों के साथ मंडल में चल रहे प्रोजेक्टों की समीक्षा की। इंदौर रेलवे स्टेशन के विकास के लिए बनी योजना के बाद उनका यह पहला दौरा है। इस मामले में डीएसआर बनाने के लिए टैंडर जारी किए जा रहे हैं।
रविवार सुबह अवन्तिका एक्सप्रेस से जीएम अनिल कुमार लाहोटी प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर उतरे। यह ट्रेन 9.55 बजे इंदौर आती है, लेकिन रविवार को यह ट्रेन करीब 15 मिनट पहले आ गई। ट्रेन से उतरकर जीएम सीधे 1 नंबर प्लेटफॉर्म स्थित वीआईपी रूम में पहुंचे और वहां रतलाम मंडल तथा स्थानीय अधिकारियों के साथ रेलवे प्रोजेक्ट की समीक्षा की। इस दौरान डिप्टी चीफ इंजीनियर भी मौजूद थे। पिछले दिनों रेलवे स्टेशन को रानी कमलापति स्टेशन की तरह विकास करने की योजना बनी थी और अब इसकी डिटेल एस्टीमेट रिपोर्ट (डीएसआर) बनाई जाना है।
मंडल में चल रहे प्रोजेक्ट की समीक्षा की
पश्चिम व मध्य रेलवे के महाप्रंबधक अनिल कुमार लाहोटी ने इंदौर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान महाप्रबंधक ने डिप्टी चीफ इंजीनियर्स, (निर्माण) इंदौर व रतलाम मंडल के ब्रांच अधिकारियों के साथ मंडल में चल रहे प्रोजेक्टों की समीक्षा की। मीटिंग के अंतर्गत महू-सनावद- खंडवा-अंकोला गेज कन्वर्जन, दाहोद-इंदौर नई लाइन व इंदौर-देवास-उज्जैन डबलिंग प्रोजेक्टों की प्रगति की समीक्षा गई। महाप्रबंधक प्रोजेक्टों की वर्तमान में चल रही प्रगति से संतुष्ट थे। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक विनीत गुप्ता भी मौजूद थे।