शहर में 24 मार्च से फिल्म महोत्सव आरंभ हो रहा है। यह चार दिनों तक चलेगा। इसमे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्में दिखाई जाएंगी। करीब 55 फिल्मों का प्रदर्शन होगा। खास बात यह रहेगी कि फिल्मों के साथ ही उनको बनाने की प्रक्रिया के बारे में बताकर जानकारी साझा की जाएगी।
दरअसल, चार दिनी फिल्म महोत्सव में भारत के साथ ही रूस और फ्रांस की फिल्में भी शामिल होंगी। शॉर्ट फिल्में भी दिखाई जाएंगी। इस आयोजन में ख्यात लेखक वैभव विशाल, निर्देशक राहुल रवेल, राज शांडिल्य, गीतकार स्वानंद किरकिरे, अभिनेत्री मानिनी मिश्रा, लता सबरवाल, अभिनेता विपिन शर्मा आदि मुख्य रूप से शामिल होंगे और फिल्मों में रुचि रखने वालों से चर्चा भी करेंगे। प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे इस पांचवें फिल्म महोत्सव के पोस्टर का विमोचन सोमवार को अभिनेता सिद्धार्थ निगम और सुरभि मेहरा ने किया। संस्थान के निदेशक हिमांशु जैन, सीओओ डॉ. अनिल बाजपेयी, डॉ. हर्षवर्धन हल्वे ने बताया कि आयोजन में 22 उन शॉर्ट फिल्मों को दिखाया जाएगा जिनका निर्माण संस्था द्वारा आयोजित स्पर्धा के तहत हुआ है। संस्थान द्वारा दी गई थीम पर बनी शॉर्ट फिल्मों में से चुनिंदा 22 फिल्में यहां प्रदर्शित होंगी। सर्वश्रेष्ठ फिल्म को पुरस्कृत भी किया जाएगा। फिल्म ड्रीम गर्ल के निर्माण से जुड़ी जानकारी फिल्म के निर्देशक राज शांडिल्य देंगे।
पर्दे के पीछे के असल नायक रहेगी थीम
इस फिल्म महोत्सव में शौकिया और व्यावसायिक श्रेणी में पद्मश्री एनएन जैन लघु फिल्म निर्माण प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतिभागियों को दी गई थीम पर दस मिनट की अवधि की फिल्म का निर्माण करना होगा। अब तक कई छात्रों और फिल्म निर्माताओं ने प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रविष्टियां जमा की हैं। फिल्म फेस्टिवल के दौरान सिनेमा, मास्टर क्लास, म्यूजिकल प्ले और कंसर्ट में ड्राइव होगी। इसके अलावा, रेडियो जॉकी फिल्म शैली से संबंधित विषयों पर फिल्म कलाकारों के साथ बातचीत करेंगे।
महोत्सव में इस बार की थीम पर्दे के पीछे के असल नायक रखी गई है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को यह बताया जाएगा कि फिल्म की सफलता केवल पर्दे पर नजर आने वाले कलकारों पर ही निर्भर नहीं रहती बल्कि पर्दे के पीछे कार्य कर रहे नायकों का भी अहम स्थान होता है। इच्छुक लोगों को आयोजन में शामिल होने के लिए पंजीयन करवाना पड़ेगा।