इंदौर के रुक्मणि नगर में हुए पुलिसकर्मी दंपत्ति के डबल मर्डर मामले का खुलासा हो गया है। बताया जा रहा है कि प्रेमी के साथ रहने के लिए नाबालिग बेटी ने ही अपने माता-पिता की हत्या करा दी। जब वह अपने प्रेमी के साथ राजस्थान भाग रही थी, तब पुलिस ने उसे रतलाम में दबोच लिया। उसके कब्जे से कुछ कपड़े और करीब एक लाख रुपये मिले हैं।
यह है पूरा मामला
बता दें कि रुक्मणि नगर में रहने वाले पुलिसकर्मी ज्योति प्रसाद शर्मा और उनकी पत्नी की गुरुवार तड़के हत्या कर दी गई थी। इस डबल मर्डर से पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी। वहीं, मृतक दंपत्ति की नाबालिग बेटी घटनास्थल से लापता था, जिसके चलते उस पर सबसे ज्यादा शक जताया जा रहा था।
ऐसे दबोचे गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, माता-पिता की हत्या के बाद बेटी अपने प्रेमी डीजे के साथ बाइक से रतलाम के रास्ते राजस्थान जा रही थी। इस दौरान उन्होंने अपना मोबाइल बंद कर रखा था। हालांकि, शाम करीब 4 बजे प्रेमी ने अपना मोबाइल ऑन किया, जिससे पुलिस को उनकी लोकेशन पता लग गई। इसके बाद रतलाम पुलिस को उनकी तस्वीरें भेज दी गईं और दोनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस का मानना है कि प्रेमी डीजे से नहीं मिलने देना और हाल ही में दोनों की पिटाई होने के चलते उन्होंने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
गुमराह करने के लिए लिखी चिट्ठी
जांच के दौरान पुलिस को एक चिट्ठी मिली थी, जिसमें नाबालिग बेटी ने अपने पिता पर गंभीर आरोप लगाए थे। पूछताछ के दौरान आरोपी बेटी ने हत्या के बाद चिट्ठी लिखने की बात कबूली। उसने ऐसा अपने प्रेमी के कहने पर किया था।
पहले मां को मारा, फिर की पिता की हत्या
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने हत्या की प्लानिंग पहले ही कर ली थी। बुधवार रात जब ज्योति प्रसाद का बेटा अपने दादा के घर सोने गया तो बेटी ने अपने प्रेमी को एक्टिव कर दिया। इस दौरान दोनों फोन पर लगातार चैटिंग करते रहे। सुबह बेटी ने अपने प्रेमी को बुला लिया और खुद गली में कुत्ते को टहलाने लगी। डीजे ने पहले पुलिसकर्मी की पत्नी का मुंह दबाया और हत्या कर दी। इस दौरान ज्योति प्रसाद की आंख खुली तो डीजे ने उन पर भी हमला कर दिया और मार डाला।