देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, पिछले 24 घंटे में कोरोना के 95,000 से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। मध्य प्रदेश के जिला इंदौर और आस-पास के इलाकों में भी कोरोना मरीजों की संख्या में तेजी आई है। इस बीच मध्य प्रदेश सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है।
इंदौर और आस-पास के इलाकों में कोरोना से पीड़ित गंभीर मरीज हैं, जिन्हें ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़ सकती है। इसलिए जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है कि अब से ऑक्सीजन की आपूर्ति सिर्फ अस्पतालों के लिए ही होगी, इसका मतलब यह है कि औद्योगिक इकाइयों के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति नहीं की जा सकेगी।
लगातार बढ़ते कोरोना मरीज और उनके लिए ऑक्सीजन की उपलब्धता में आ रही कमी के मद्देनजर कलेक्टर ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। अब ऑक्सीजन का औद्योगिक उपयोग प्रतिबंधित रहेगा, सिर्फ मेडिकल के लिए ही हो सकेगा। औषधि निरीक्षक राजेश जीनवाल को नोडल अधिकारी बनाया गया है जो इस आदेश का पालन सख्ती से करवाएंगे।
बता दें कि मौजूदा समय में लॉकडाउन की समाप्ति हो चुकी है और अनलॉक शुरू हो गया है। इसके मद्देनजर उद्योगों में काम होना शुरू हो जाएगा, जिससे कोरोना के और मामले आने की संभावना बढ़ गई है। यही वजह से भविष्य में कोरोना मरीजों के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति में बढ़ोतरी हो सकती है।