जलावर्धन योजना का वर्चुअली भूमिपूजन करते सीएम शिवराज सिंह चौहान
- फोटो : सोशल मीडिया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर से श्योपुर एवं बड़ौदा नगर की जलावर्धन योजना का वर्चुअली शिलान्यास किया। इस अवसर पर श्योपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर विशेष रूप से मौजूद थे। यह पेयजल योजना 178 करोड़ रुपये लागत की है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम को वर्चुअली रूप से संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में कुपोषण की रोकथाम के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। इसके लिए अनेक योजनाओं और कार्यक्रमों का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन समाज की सहभागिता के बगैर अधूरा है। उन्होंने कहा कि कुपोषण को दूर करने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ियों की सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए जन सहयोग एकत्र किया जा रहा है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों का आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक जन सहयोग प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वच्छता का कार्य जन आंदोलन के रूप में हाथ में लिया गया है। श्योपुर एवं बड़ौदा जैसे शहर भी स्वच्छता के क्षेत्र में पीछे नहीं रहना चाहिए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि श्योपुर के सर्वांगीण विकास में कोई कसर नहीं रखी जा रही है। श्योपुर सर्वांगीण विकास किया जा रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पानी, आवास आदि मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज शिलान्यास हुई योजना दूरदृष्टि सोच का परिणाम है। इस योजना से पेयजल समस्या का निदान होगा। हमारा प्रयास रहेगा कि इस योजना का कार्य तीन वर्ष के निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण हो जाए।
विकास के पथ पर बढ़ रहा श्योपुर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि पेयजल जीवन की मूलभूत जरूरत है। इस जरूरत की पूर्ति के लिए मध्यप्रदेश में राज्य शासन विशेषकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्योपुर एवं बड़ौदा के जलावर्धन की योजना 178 करोड़ रुपये लागत की है। इस योजना में पार्वती नदी से इन दोनों शहरों में जल पहुंचाया जाएगा। इन दोनों शहरों में योजना पूर्ण होने के बाद सातों दिन भरपूर पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री चौहान के प्रति आभार व्यक्त कर कहा कि श्योपुर लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।