बालों को संवारने के लिए अफसर की पत्नी सैलून में बालों का ट्रीटमेंट करवाने पहुंची। ट्रीटमेंट तो करवा लिया मगर इसका रिएक्शन हुआ और बाल जल गए। इसके बाद गुस्से में आकर सैलून संचालक, मैनेजर व कर्मचारी पर केस दर्ज करवाया। टीआई ने शुरुआत में आनाकानी की तो डीएसपी से बात की। बाद में एफआईआर हुई।
जानकारी के मुताबिक विजय नगर क्षेत्र में एफटीवी सैलून (प्रिंसेस बिजनेस स्काय पार्क) स्थित है। यहां आर्मी वार कॉलेज महू में पदस्थ कर्नर सुधीर गुलिया की पत्नी सुमन 8 मई को हेयर रीमोंडिंग के लिए आईं थीं। आरोप है कि इस दौरान कर्मचारी राजकुमार सिंह ने खराब केमिकल लगा दिया जिससे सुमन के काफी बाल जल गए और सिर से गंजापन दिखने लगा। सुमन ने शिकायत की तो मैनेजर भावना तलरेजा ने आश्वासन दिया कि वह दोबारा ट्रीटेमेंट करेंगी। एक दो बार उन्हें सैलून पर आना पड़ेगा और उन्हें ठीक कर देंगी। सुमन 10 मई को सैलून आईं तो उन्हें रात 10 बजे तक बैठाकर रखा लेकिन बाल ठीक नहीं किए। सुमन बुधवार दोपहर कर्नल पति सुधीर के साथ विजय नगर थाने पहुंची और संचालक शुभम गुप्ता सहित मैनेजर भावना विजय तलरेजा निवासी प्रेम नगर और कर्मचारी राजकुमार के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया। बताया जा रहा है कि शिकायत को टीआई तहजीब काजी ने गंभीरता से नहीं लिया तो सुमन ने उनको भी खरीखोटी सुनाई और डीसीपी संपत उपाध्याय को पूरा घटनाक्रम बताया। शाम को पुलिस ने सुमन का मेडिकल करवाया तो केमिकल से बाल जलने की पुष्टि हो गई। रात को सुमन की शिकायत पर भावना, शुभम गुप्ता और राजकुमार के खिलाफ धारा 337, 504 और 506 के तहत केस दर्ज कर लिया। पुलिस के मुताबिक जिस केमिकल का उपयोग हुआ उसे भी जब्त करेंगे।