एंटी माफिया अभियान के तहत इंदौर पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई की। कई माफियाओं के मकानों पर बुलडोजर चला। इसी क्रम में चाची के नाम से कुख्यात महिला के मकान को तोड़ा गया।
जानकारी के मुताबिक अभियान के तहत पुलिस बल छोटी ग्वालटोली क्षेत्र पहुंचा। यहां अवैध शराब बेचने वाली महिला के मकान को तोड़ा गया। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। जिस महिला का मकान तोड़ा गया उसका नाम पार्वती बाई है। इलाके उसे चाची के नाम से जानते हैं। बताया गया कि चाची और उसके रिश्तेदार मिलकर क्षेत्र में अवैध शराब बेचते हैं। उन पर कई प्रकरण दर्ज हैं। मकान तोड़ने से पहले मकान का सामान खाली करवाया इसके बाद जेसीबी से मकान तोड़ा। विनोबा नगर में भी पार्वती बाईके मकान थे जिसमें परिवार के लोग रहते हैं। उनको भी तोड़ा गया। बताया गया कि ग्वालटोली में 500 वर्ग फीट पर बना अवैध मकान तोड़ा। इसके बाद विनोबा नगर में लगभग 2000 वर्ग फीट में बने अवैध मकान को तोड़ा गया। पुलिस ने बताया कि पार्वती बाई पर पलासिया थाने में 18 अपराध दर्ज हैं। उस पर गांजा और शराब बेचने के साथ ही मारपीट व लोगों को धमकाने के मामले भी है। पार्वती बाई 20 साल की उम्र से ही अपराध करने लगी थी। उस समय वह शादी करके यहां आई थी। वर्तमान में उसकी उम्र करीब 60 साल है। वहीं परिवार में दो बेटे पवन उर्फ राजा और शुभम उर्फ बम और पोते व बहू हैं।