जेसीबी की मदद से तोड़े गए आरोपियों के मकान
- फोटो : सोशल मीडिया
महू के पास पिगडंबर में हुई घटना के बाद से ही पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई ने जोर पकड़ा। गुरुवार सुबह करीब छह बजे से ही प्रशासन ने पुलिस बल के साथ गुर्जरखेड़ा पहुंचकर आरोपियों के मकान तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। करीब 6-7 जेसीबी से मकान और दुकान तोड़ी। लगभग 35 हजार वर्ग फीट की जगह इनके कब्जे से मुक्त कराई गई है, जिसकी कीमत करीब दस करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गौरतलब है कि किशनगंज के पिगडंबर में बुधवार देर रात विवाद हो गया था। इसमें भाजपा नेता के पुत्र की हत्या कर दी गई थी। भाजपा के पूर्व ग्रामीण उपाध्यक्ष उदल सिंह ठाकुर का बेटा सुजीत ठाकुर (20) अपने दोस्तों के साथ राऊ की होटल से लौट रहा था। पास ही हो रहे एक बोरिंग के पास पहुंचे। यहां रहने वाले कुलदीप पवार ने धूल कम उड़ाने के लिए कहा। इस पर सुजीत और कुलदीप का विवाद हो गया। सुजीत ने महू से कुछ लोग भी बुलवा लिए। सभी ने मिलकर कुलदीप पर हमला कर दिया। वह भागते हुए फोरलेन तक आ गया। यहां पहले से मौजूद हथियारबंद लोगों ने सुजीत और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया। इसमें सुजीत के पेट और सीने में चाकू लगने से मौत हो गई। हमले में पिंटू, वीरेंद्र, मादू चौहान, जगदीश चौहान, कुलदीप पवार और धर्मेंद्र जनवार घायल हैं। सभी को गंभीर हालत में चोइथराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद एक तरफ राऊ तो दूसरी तरफ सोनवाय टोल तक दो घंटे तक करीब 7 किमी लंबा जाम लग गया। अंधेरे का फायदा उठाकर लोगों की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर मारपीट की गई। एक ट्रक में आग लगा दी। पुलिसकर्मी व मीडियाकर्मी भी घायल हुए।
सुबह से शुरू हुई कार्रवाई
घटना के बाद बुधवार देर रात को ही प्रशासन ने आरोपियों की पहचान कर उनके मकान तोड़ने की योजना बनाई। एसडीएम अक्षत जैन ने महू छावनी परिषद सहित आसपास की नगर पालिकाओं को सुबह 5:30 बजे जेसीबी मशीनें लेकर आने के लिए कहा था। कार्रवाई गुरुवार सुबह करीब 6:15 बजे शुरू हुई। सबसे पहले मुख्य आरोपी लोकेश वर्मा उर्फ राजा का घर तोड़ा गया। इसके बाद आरोपियों से संबंधित दूसरे भवनों को भी तोड़ा गया। कुख्यात आरोपी राकेश डॉन का श्मशान रोड स्थित मकान तोड़ा। घर में मौजूद सदस्य चुपचाप बाहर आ गए और घर का सामान अंदर ही रह गया। कुछ ही दूर स्थित रक्षा संपदा विभाग की एक जमीन को भी डॉन के अतिक्रमण से मुक्त कराया। 15000 वर्ग फीट की जमीन पर एक शादी गार्डन बनाया गया था। पुलिस आरोपी राकेश डॉन के अवैध शराब के कामकाज को भी खत्म कर रही है। प्रशासन के मुताबिक उसकी दूसरी संपत्तियां भी देखी जा रही हैं। जहां-जहां आरोपियों और उनके परिवार ने अवैध कब्जे किए हैं उन्हें हटाया जाएगा।
माहौल तनावपूर्ण, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद से पिगडंबर में माहौल तनावपूर्ण है। गुरुवार को पुलिस बल की मौजूदगी में म़ृतक सुजीत की अंत्येष्टि हुई। अंत्येष्टि की तस्वीरें खींचना प्रतिबंधित किया गया। बता दें कि सुजीत के पिता उदल सिंह चौहान भाजपा नेता हैं लिहाजा भाजपा के कई नेता वहां पहुंचे। चौहान परिवार के लोगों में आरोपियों को लेकर गुस्सा है। पुलिस से मांग है कि जल्द गिरफ्तारी की जाए। घटना के बाद से पुलिस बल इलाके में तैनात है और आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी गई है। वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले पर नजर रखे हुए हैं।