छात्राओं के साथ अनुनय संस्था की अध्यक्ष माही भजनी
- फोटो : अमर उजाला
पर्यावरण है, तो हम हैं। इसकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। हम इसे संवारने के लिए कृत संकल्पित हैं। शाजापुर जिले के सुनेरा में स्थित माध्यमिक बालिका विद्यालय की छात्राओं ने पर्यावरण को बचाने के लिए यह संकल्प लिया। भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी (रिटायर्ड) एके भट्टाचार्य ने छात्राओं से पर्यावरण और जंगल को लेकर चर्चा की।
माध्यमिक बालिका विद्यालय सुनेरा में भोपाल की संस्था अनुनय एजुकेशन वेलफेयर सोसायटी द्वारा पायलट प्रोजेक्ट पढ़ो मालवा का संचालन किया जा रहा है, जिसके तहत शाजापुर जिला प्रशासन के सहयोग से स्कूल में कार्यशाला का आयोजन किया गया था।
इस मौके पर सोसायटी के सचिव भट्टाचार्य ने शिक्षकों के लिए आदर्श विद्यालय शिक्षक अनुभूति कार्यशाला को भी संबोधित किया। शिक्षकों से जाना गया कि आदर्श विद्यालय में किस तरह की सुविधाएं बच्चों के लिए उपलब्ध होनी चाहिए।