पुलिस ने दिया बच्ची को नया केक।
- फोटो : सोशल मीडिया
इंदौर पुलिस शहर में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के अपने कर्तव्य के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का भी निर्वहन भी कर रही हैं। सख्त छवि के साथ ही मानवीयता की मिसाल पुलिस पेश कर रही है। ऐसा ही कुछ तब दिखा जब पुलिस ने एक बच्ची के चेहरे की चिंता पढ़कर उसे खुशी दिलवाई।
दरअसल सेंट्रल कोतवाली क्षेत्र में पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बच्ची तेजस्वी यादव रोती हुई मिली। पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि वह नॉर्थ तोड़ा में रहती है। उसकी छोटी बहन राधिका का जन्मदिन है। उसके जन्मदिन के लिए वह केक खरीदकर जा रही थी। सड़क पार करते समय केक उसके हाथ से गिर गया। अब वह जन्मदिन कैसे मनाएगी, क्योंकि दूसरा केक खरीदने के पैसे भी नहीं हैं। यह सब सुनकर चेकिंग के दौरान उपस्थित अनुराधा लोधी ने बच्ची को दूसरा केक खरीदकर दिया। इससे बच्ची के चेहरे पर खुशी लौट आई। वह खुशी से घर पहुंची और उसने अपने पिता को पूरी बात बताई। उसके पिता यह सुनकर पुलिस के पास पहुंचे और धन्यवाद दिया।