जिले में फोरलेन मार्ग पर चरखेड़ा के पास एक खेत में करीब 12 से 13 फीट लंबा विशाल अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। खेत में पानी देने का काम कर रहे युवक ने अचानक अजगर को देखा तो वह घबरा गया। इसके बाद उसने तत्काल सर्पमित्र दिनेश चंदेल को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सर्पमित्र ने सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया। बाद में वन विभाग की मदद से उसे सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार चरखेड़ा के पास गणेश भैया रायखेड़ा के खेत में मंगलवार को पानी देने का काम चल रहा था। इसी दौरान खेत में काम कर रहे मनीष नामक युवक की नजर अचानक एक विशाल अजगर पर पड़ी। अजगर की लंबाई करीब 12 से 13 फीट और वजन लगभग 45 किलो बताया गया। इतने बड़े अजगर को देखकर युवक घबरा गया और उसने बिना कोई जोखिम उठाए सर्पमित्र दिनेश चंदेल को फोन कर इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही दिनेश चंदेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को अजगर से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी और सावधानीपूर्वक उसका रेस्क्यू किया। अजगर को सुरक्षित पकड़ने के बाद वन विभाग की मदद से उसे उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया।
अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू और जंगल में छोड़े जाने के बाद खेत में काम कर रहे लोगों ने राहत की सांस ली। सर्पमित्र दिनेश चंदेल जिले में सांपों और अन्य वन्यजीवों के रेस्क्यू के लिए सक्रिय रहते हैं। उनका कहना है कि आबादी या खेतों में वन्यजीव दिखाई देने पर उन्हें नुकसान पहुंचाने के बजाय विशेषज्ञों की मदद से सुरक्षित तरीके से प्राकृतिक आवास में पहुंचाया जाना चाहिए।