कथावाचकों और ब्राह्मणों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले प्रीतम लोधी ने फिर ऐसा बयान दिया है, जिस पर विवाद गहरा सकता है। उन्होंने बागेश्वर धाम का नाम से प्रसिद्ध पं. धीरेंद्र शास्त्री के बारे में कहा है कि वे मुझसे मिलने को आतुर हैं, तो मिल लें। वो देखेंगे कि मिलने के बाद उनका पजामा गीला हो गया होगा।
बता दें कि उमा भारती के नजदीकी माने जाने वाले प्रीतम लोधी ने कथावाचकों और ब्राह्मणों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। जिसके बाद उन्होंने माफी भी मांग ली, पर भाजपा ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया। उन पर पुलिस केस दर्ज हो गए। वहीं बागेश्वर धाम के नाम से प्रसिद्ध धीरेंद्र शास्त्री ने भी उन्हें भरी कथा से ललकारा था। इसका वीडियो भी जमकर वायरल हुआ था।
प्रीतम लोधी ने इस पर जवाब देते हुए कहा है कि तथाकथित कथावाचक मेरी ठठरी बांधने की बात कर रहा है। उसने एक बार नहीं, पांच-छह बार मेरी ठठरी बांधी है। बागेश्वर धाम के कोई धीरेंद्र महाराज हैं। फिर कहा कि मसल दूंगा। सामने पड़ जाएगा तो जला दूंगा। अपने फॉलोअरों को आदेश देने लगा कि इसको मार कर आओ। मैं धीरेंद्र जी से यह कहना चाहता हूं कि बड़ा शौक है मुझसे मिलने का तो एक दिन आकर मुझसे मिल लें। सामने मुलाकात कर ले तो फिर अपने पजामा को टटोलकर देख ले कि मैंने बाथरूम किया है या नहीं किया। वो क्या सब लोग देखेंगे।
प्रीतम ने कहा कि मैं ऐसे लोगों से कहना चाहता हूं कि जो लोग अपने आपको बहुत ज्ञानी समझते हैं। लोगों ने इनको भगवान का रूप दिया है, ऐसे लोग ऐसी बातें करते हैं। उन्होंने कहा कि मैं (प्रीतम) तो पढ़ा-लिखा नहीं हूं। मैंने कोई बात कर भी दी तो मैंने माफी भी मांगी। क्या कोई गलती कर देता है, अपने बच्चे गलती कर देते हैं तो हम उन्हें माफ नहीं करते। मुझे तो माफ करने के अलावा केस लगा दिए, पार्टी से निकाल दिया। कितने स्टेप उठा लिए।
बता दें कि ग्वालियर के जलालपुर से सरपंच रहे प्रीतम लोधी पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के रिश्तेदार हैं। उमा की बहन की बेटी की शादी प्रीतम लोधी के बेटे से हुई है। लोधी शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा से भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। आज प्रीतम लोधी ओबीसी महासभा में शामिल हो गए। प्रीतम लोधी ने एलान किया है कि बीजेपी अब ओबीसी एससी एसटी के पार्टी नहीं रही है वह जातिगत के आधार पर राजनीति कर रही है। इसलिए अब वे समाज के संगठनों में शामिल होकर जनता की सेवा करेंगे और जनता के हक के लिए लड़ाई लड़ेंगे।
ये कहा था प्रीतम लोधी ने
प्रीतम लोधी ने कहा था कि कथावाचक सहित पंडित आपको नवरात्रि के नौ दिन रोजाना सात-आठ घंटे तक पागल बनाते हैं। कहते हैं कि अगर तुम दान करोगे तो भगवान तुमको देगा। महिलाएं इनकी बातों में आ जाती हैं और दूध, घी, दही अपने बच्चों को खिलाने की बजाय इन्हें दे देती हैं। ब्राह्मण नौ दिन तक आपको उल्लू बनाने और बातें करने के आपसे 25 से 50 हजार रुपए भी लेता है। इतना ही नहीं ये लोग सुंदर महिलाओं के घर चयन करते हैं। उनके घर जाकर कहते हैं, महाराज आज शाम का भोजन आपके यहीं करेंगे। लेकिन इनकी नजर कहीं और ही होती है। कथा के दौरान यह कहते हैं कि 20 से 30 साल की महिलाएं आगे बैठ जाओ। 30 से 45 साल की महिलाएं बीच में और बुजुर्ग महिलाएं पीछे बैठ जाओ। इसके बाद यह गाने गा-गाकर उन्हें नचवाते हैं और खुद ऊपर बैठे आनंद लेते हैं।