प्रेमिका के हमले के बाद प्रेमी के माता-पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के ग्वालियर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। लिव इन में रह रही एक महिला ने प्रेमी के माता-पिता पर चाकू से हमला किया है। उनका कसूर इतना था कि उन्होंने महिला और अपने बेटे की शादी से इनकार कर दिया था। दोनों की हालत गंभीर है। अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने सनकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार मामला ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के ग्राम मऊ जमाहर का है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला सोनम अपने पति के साथ दिल्ली रह रही थी। वहीं पर सोनम मऊ जमाहर के रहने वाले रामलखन बाथम के प्रेम में पड़ गई। उसके लिए सोनम ने अपने पति को भी छोड़ दिया और रामलखन के साथ ग्वालियर आकर लिव इन में रहने लगी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में दोनों को गिरफ्तार भी किया था लेकिन बाद में दोनों को उनके परिजनों को सौंप दिया था। लेकिन सोनम और रामलखन फिर से एक साथ रहने लगे। इधर रामलखन के माता-पिता इस संबंध को लेकर नाराजगी जता रहे थे और दोनों की शादी के करने खिलाफ भी थे।
शुक्रवार की शाम रामलखन घर से लापता हो गया और सोनम ऐसा लगा कि रामलखन के माता-पता ने उसे गायब किया है तो गुस्से में चाकू लेकर उनके घर पहुंच गई और रामलखन की मां गुड्डी बाथम और पिता राकेश बाथम पर जानलेवा हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी भी आ गए और उन्होंने बौखलाई प्रेमिका को बड़ी मुश्किल से काबू में किया और पुलिस को सूचना दी। गुड्डी बाथम को गले में चाकू लगे हैं और उसे गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। थाना पुरानी छावनी पुलिस ने सनकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या करने के प्रयास का मामला दर्ज किया है।