बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई
- फोटो : अमर उजाला
ग्वालियर जिले के भितरवार अनुविभाग में दो अलग-अलग जगह आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में धान की पौध लगाने गई एक महिला और एक युवक की मौत हो गई है। भितरवार अनुविभाग में पिछले एक माह में आकाशीय बिजली गिरने से आठ लोगों की मौत हो चुकी है।
बता दें कि दोपहर को क्षेत्र में बादलों की तेज गड़गड़ाहट के बीच झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस दौरान भितरवार नगर के वार्ड क्रमांक 5 सांसन निवासी महिला पार्वती पति प्रदीप खटीक रोजाना की तरह अन्य मजदूरों के साथ भितरवार से लगे ग्राम बांसोड़ी मौजे में धान की पौधे रोपने के लिए गई थी। तभी दोपहर को मौसम में बदलाव आया और बादलों की तेज गड़गड़ाहट के बीच तेज बारिश होने लगी। इस खेत में धान लगा रही महिला के ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य मजदूर और खेत मालिक उसे भितरवार अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टर ने शव का पोस्टमॉर्टम किया।
दूसरी घटना भितरवार के ग्राम नॉन की सराय में घटित हुई। इसमें गांव के 23 वर्षीय युवक दीपक पिता कल्लू जाटव भी धान की फसल लगाने के लिए मजदूरी पर गया था। इसी दौरान उसके ऊपर भी आकाशीय बिजली गिरी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। चीनौर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर उसके शव का पीएम किया गया। भितरवार पुलिस ने दोनों ही मामले में मर्ग कायम किया है। वहीं दोनों ही तहसील क्षेत्र के राजस्व अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर मुआवजे के लिए प्रकरण बनाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।