ग्वालियर में स्ट्रेचर पर पहुंची महिला
- फोटो : सोशल मीडिया
ग्वालियर कलेक्ट्रेट में उस समय हड़कंप मच गया जब कुछ लोग स्ट्रेचर पर एक बुजुर्ग महिला को लेकर पहुंच गए। लाचार हालत में पहुंची कैंसर पीड़ित बुजुर्ग महिला ने नम आंखों से अपने ही बेटे-बहू से बचाने की गुहार अफसरों से लगाई। पीड़ित बुजुर्ग महिला की फरियाद सुनने के बाद यहां मौजूद अधिकारियों ने तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को जांच करने, कार्रवाई करने और बुजुर्ग को सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए।
ग्वालियर के महलगांव इलाके मे करौली माता मंदिर क़े समीप रहने वाली साधना द्विवेदी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित होकर जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रही हैं, लेकिन इस तकलीफ से अधिक पीड़ा उन्हें उनके छोटे बेटे और बहू से मिल रही है। बुजुर्ग महिला को उनके बड़े बेटे अमीश द्विवेदी मेडिकल स्ट्रेचर पर लाकर कलेक्ट्रेट लेकर आए। महिला की हालत देखकर यहां मौजूद अधिकारी हैरान रह गए। तुरंत ही उन्हें एंबुलेंस से वापस भेजा गया।
महिला ने बताया कि उनका पैतृक मकान हैं उसके पति का निधन हो गया है। दो बेटे हैं जो घर मे ही रहते हैं लेकिन छोटा बेटा अब उन्हें ही घर से निकालने पर आमादा है। जब उनका बड़ा बेटा अमीश काम पर चला जाता है, तो छोटा बेटा अनंत और बहू दीपिका आए दिन उनके साथ मारपीट करते हैं। यहां तक कि उन्हें घर से बाहर निकाल देते हैं, जिसके कारण कई बार ठंड में उन्हें बाहर रहना पड़ता है।
महिला का कहना है कि 2021 में उनके पति का कोरोना की चपेट मे आकर निधन हो गया था। इसके बाद से घर को लेकर छोटे बेटे ने विवाद शुरू कर दिया। वह चाहता है कि पूरा मकान उसके नाम कर दिया जाए। इस जिद के चलते उसने बड़े बेटे पर अपनी पत्नी के जरिए झूठे आरोप लगवाए। कई बार मामला पुलिस थाने तक पहुंचा, लेकिन पुलिस ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया। बुजुर्ग महिला की परेशानी सुनने के बाद कलेक्ट्रेट में मौजूद अधिकारियों ने क्षेत्रीय पुलिस थाने को निर्देश दिया कि बुजुर्ग महिला को सुरक्षित माहौल प्रदान किया जाए और मामले की गंभीरता से जांच की जाए।