बीएसफ डॉग स्क्वॉड के साहसिक प्रदर्शन
- फोटो : Amar Ujala
ग्वालियर शहर के एसएएफ ग्राउंड पर स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह देशभक्ति, उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। समारोह में मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के नारों और देशभक्ति के जज्बे से गूंज उठा। समारोह के दौरान सुरक्षा बलों के जवानों ने अनुशासन और साहस का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का खास आकर्षण सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के डॉग स्क्वॉड का साहसिक प्रदर्शन रहा। प्रशिक्षित डॉग्स ने जवानों के साथ विभिन्न हैरतअंगेज स्टंट और करतब दिखाए। डॉग स्क्वॉड के इस प्रदर्शन को देखने के लिए मैदान में मौजूद दर्शकों में खासा उत्साह नजर आया। जवानों और डॉग्स के तालमेल ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
देश की सुरक्षा के प्रति समर्पण की झलक देखने को मिली
इस प्रदर्शन के जरिए सुरक्षा बलों के प्रशिक्षण, सतर्कता और देश की सुरक्षा के प्रति समर्पण की झलक देखने को मिली। डॉग स्क्वॉड का प्रदर्शन समारोह में मौजूद बच्चों और युवाओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहा। समारोह में परेड के दौरान सुरक्षा बलों और पुलिस जवानों ने अनुशासन और कदमताल का शानदार प्रदर्शन किया। परेड ने देश की सुरक्षा में जुटे जवानों के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और मजबूत किया।
देशभक्ति की थीम पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं
वहीं, स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने देशभक्ति की थीम पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए बच्चों ने देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
ये भी पढ़ें-
बीकानेर में CM भजनलाल शर्मा ने फहराया झंडा, 15 प्लाटून का शानदार मार्चपास्ट
समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सुरक्षा बलों के जवान, स्कूली बच्चे और शहरवासी मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन ने लोगों में राष्ट्र के प्रति गर्व और सम्मान की भावना को और मजबूत किया। एसएएफ ग्राउंड पर आयोजित समारोह में ध्वजारोहण से लेकर परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक हर पल देशभक्ति के जज्बे से भरा नजर आया।