ग्वालियर में युवती ने मोबाइल निगल लिया, जिसे डॉक्टरों ने निकाला।
- फोटो : अमर उजाला
बच्चे अक्सर सिक्के, कीलें जैसी वस्तुएं निगल लेते हैं। यदि कोई कहे कि समझदार युवती गुस्से में मोबाइल निगल गई तो यकीन करना मुश्किल होगा। ऐसा ही कुछ हुआ भिंड में। यह मोबाइल पेट में चला गया। इससे उसे दर्द होने लगा तो डॉक्टरों के पास ले गए। उसकी जान पर बन आई थी। ग्वालियर में डॉक्टरों ने सर्जरी कर उसके पेट से मोबाइल निकाला और युवती की जान बचाई।
यह मामला भिण्ड जिले का है। भिण्ड के अमायन इलाके में भाई -बहन का झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ा कि बहन अन्नू ने गुस्से में पास में रखा की-पेड मोबाइल ही निगल लिया। घर वालों को पता चला, तब युवती दर्द से कराह रही थी। मोबाइल पेट के ऊपरी हिस्से में फंस गया था। इसके अटकने से उसे असहनीय दर्द हुआ। उसे तत्काल ग्वालियर के जेएएच अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि युवती का सीटी स्कैन, एक्सरे और अल्ट्रासांउड किया गया। इसके बाद गजरा राजा मेडिकल कॉलेज के सह प्राध्यापक डॉ. नवीन कुशवाह, डॉ. अश्वनी पांडे, डॉ. सुरेन्द्र चौहान की टीम ने डेढ़ घंटे में सफल ऑपरेशन कर युवती के मुंह के जरिए मोबाइल बाहर निकाला। डॉक्टर्स का कहना है कि जय आरोग्य अस्पताल की स्थापना के बाद से आठ दशकों में यह इस तरह का अलग मामला था। समय रहते युवती को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी। गजरा राजा मेडिकल कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ. नवीन कुशवाह ने कहा कि मोबाइल निगलने की घटना पहली बार ही हम लोगों के सामने आई थी। हमारी टीम ने ऑपरेशन कर युवती के पेट से मोबाइल निकाल लिया है। यह मोबाइल पेट के ऊपरी हिस्से में फंसा था। इस वजह से सर्जरी काफी रिस्की थी। ऑपरेशन सफल रहा और बच्ची भी स्वस्थ्य है।