ग्वालियर के धर्मेंद्र पाल ने अपनी पत्नी पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाते हुए एसपी को शिकायत की है।
- फोटो : सोशल मीडिया
ग्वालियर एसपी अमित सांघी के सामने एक अजीब मामला आया है। पीएचई के एक कर्मचारी ने रोते हुए शिकायत की कि उसकी पत्नी उससे कपड़े धुलवाती है। बर्तन साफ करवाती है। भर-पेट खाना तक नहीं देती। मायकेवालों से पिटवाती है। मुझे मेरी बीवी से बचा लो। व्यक्ति ने एसपी से इच्छामृत्यु की मांग की है।
दरअसल, मंगलवार को एसपी अमित सांघी जनसुनवाई कर रहे थे। इस दौरान जब लोग अपनी समस्याएं सुना रहे थे, तब भीड़ में बैठा कुमारों का मोहल्ला में रहने वाला धर्मेंद्र पाल रोने लगा। उसने एसपी को बताया कि उसकी पत्नी ने उसका जीना हराम कर दिया है। उससे बर्तन मंजवाए जा रहे हैं, कपड़े धुलवाए जा रहे हैं। मना करने पर पत्नी अपने मायकेवालों से पिटवाती है। भर-पेट खाना भी नहीं देती। इतना कहते हुए धर्मेंद्र गाना गाने लगा कि "जब से हुई है शादी, आंसू बहा रहा हूं। आफत गले पड़ी है, जिसको निभा रहा हूं।"
धर्मेंद्र ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 1998 में पिताजी की मौत हुई। उनकी जगह पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। 2016 में अनिता से शादी हुई। कुछ ही दिन बाद पत्नी और उसके मायकेवाले प्रताड़ित करने लगे। 2018 में बीवी और उसके रिश्तेदारों ने कमरे में बंद कर पीटा और दहेज एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। अपनी बेटियों की चिंता थी, इस वजह से चुप रहा। समझौता कर पत्नी को घर ले गया था। इसके बाद भी पत्नी प्रताड़ित करती रही।
सारा झमेला पैसों को लेकर है
धर्मेंद्र ने बताया कि पहले मां को पैसे देने से मना किया। आदेश हुआ कि 4 हजार रुपये महीना मां को देना होगा। तब वह नाराज हो गई। फिर एक जॉइंट खाता खोला था। तय हुआ कि 10 हजार रुपये महीना उसे दिया जाएगा। इसके बाद भी वह मुझे पैसे नहीं देती और पूरा पैसा अपने पर्सनल अकाउंट में डाल लेती है। अब भांजी की शादी के लिए रुपये देना है तो पत्नी मना कर रही है।
काउंसिलिंग कराएगी पुलिस
ग्वालियर एसपी अमित सांघी ने धर्मेंद्र की पीड़ा सुनी और उसे हर तरह से मदद करने का भरोसा दिलाया है। एसपी ने बताया कि एक पति की शिकायत आई है। वह मानसिक रूप से परेशान है। क्षेत्र की पुलिस को कार्रवाई करने को कहा है। पारिवारिक झगड़ा खत्म करने के लिए काउंसिलिंग करवाई जाएगी।