सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली महिला अफसरों को पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
- फोटो : अमर उजाला
एनसीसी ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) परिसर में बुधवार को आयोजित दीक्षांत समारोह, पासिंग आउट परेड और पिपिंग सेरेमनी में देशभर से आईं 129 महिला कैडेटों ने 45 दिन का कठिन सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर अफसर रैंक हासिल की। इस अवसर पर आयोजित भव्य परेड में महिला अधिकारियों ने अपने अनुशासन और उत्कृष्ट सैन्य कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कमान की अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल सुचित्रा सेनगुप्ता उपस्थित रहीं। उन्होंने पास आउट होने वाली सभी महिला अफसरों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें रैंक सौंपी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ये भी पढ़ें-
अधिकारी भी हैरान: कलेक्ट्रेट में डॉगी मास्क पहनकर पहुंचा युवक, खंडवा नगर निगम पर बधियाकरण में घोटाले का आरोप
महिला सशक्तीकरण और सैन्य प्रशिक्षण
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल सुचित्रा सेनगुप्ता ने बताया कि ग्वालियर स्थित इस अकादमी के दो मुख्य उद्देश्य हैं। पहला उद्देश्य एसोसिएट एनसीसी अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण सैन्य प्रशिक्षण प्रदान करना है, जबकि दूसरा उद्देश्य देश की महिलाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर देकर सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि 45 दिन की इस चुनौतीपूर्ण और कठिन ट्रेनिंग के दौरान सभी 129 महिला अभ्यर्थियों ने बेहतरीन अनुशासन, जज्बे और उच्च क्षमता का परिचय दिया है।
शिखा सिंह को मिले तीन सम्मान
समारोह के समापन अवसर पर प्रशिक्षण के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली महिला अफसरों को पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इसमें राजस्थान की एसओ शिखा सिंह ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए तीन प्रमुख पुरस्कार अपने नाम किए। उन्हें कमांडेंट गोल्ड मेडल, सर्वश्रेष्ठ अकादमिक प्रदर्शन के लिए शर्मा कप और स्पेशल स्किल्स श्रेणी में गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। इस उपलब्धि पर उपस्थित सैन्य अधिकारियों और अतिथियों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।