जिले में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जनता की शिकायतों के बाद भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों का आरोप था कि हाल ही में बनी सड़क में भारी अनियमितताएं बरती गई हैं और घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है, जिससे सड़क जल्दी खराब होने लगी है।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक पन्नालाल शाक्य मौके पर पहुंचे और सड़क की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पहले हाथों से ही सड़क की ऊपरी परत को कुरेदकर उसकी गुणवत्ता परखी। इसके बाद उन्होंने खुद हथौड़ा उठाकर सड़क की मजबूती की जांच शुरू कर दी। विधायक द्वारा मौके पर ही सड़क की परतें उखाड़कर जांच करने का दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए भी हैरान करने वाला था।
जांच के दौरान सड़क की गिट्टी और डामर आसानी से उखड़ते देख विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया है और इस सड़क को दोबारा बनाने की जरूरत है। विधायक के इस कदम के बाद निर्माण कार्य में लापरवाही को लेकर चर्चा तेज हो गई।
ये भी पढ़ें: Chhatarpur News: 12वीं का पेपर बिगड़ा तो छात्रा ने घर लौटकर पी लिया हेयर डाई, जिला अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन
उधर जैसे ही लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना मिली कि विधायक खुद मौके पर पहुंचकर सड़क की जांच कर रहे हैं, विभाग में हड़कंप मच गया। कई अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लेने लगे।
हालांकि विधायक के तीखे तेवरों के सामने पीडब्ल्यूडी अधिकारी बैकफुट पर नजर आए। जब उनसे पूछा गया कि नई बनी सड़क की गिट्टी इतनी जल्दी क्यों उखड़ रही है, तो उनके पास इसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं था। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर और भी सवाल खड़े हो गए।
विधायक पन्नालाल शाक्य ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सड़क की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि निर्माण कार्य में गड़बड़ी पाई गई तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मीडिया से बातचीत में विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि हम सड़क की गुणवत्ता जांचने के लिए मौके पर हथौड़ा लेकर पहुंचे थे। जांच के दौरान खामियां सामने आईं, जिसके बाद अधिकारियों से पूछा कि यह सड़क आखिर कितने महीनों के लिए बनाई जा रही है, जो इसके निर्माण में इतनी घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को ऐसे मामलों में सजग रहना बेहद जरूरी है।