गुना में शुक्रवार शाम नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। कैंट थाना क्षेत्र के मावन गांव में डोडा चूरा से भरे ट्रक को पकड़ने पहुंची नीमच नारकोटिक्स टीम को देखकर भाग रही तस्करों की एस्कॉर्ट कार ने कहर बरपा दिया। तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक सवार एक परिवार को कुचला, फिर दूसरी बाइक और सड़क किनारे खड़े लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
जांच में 25 से 30 क्विंटल डोडा चूरा बरामद
नारकोटिक्स विभाग को इनपुट मिला था कि झारखंड से लाया जा रहा डोडा चूरा का बड़ा खेप गुना होते हुए राजस्थान भेजा जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मावन पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की। वहां डीजल भरवा रहे एक ट्रक को रोककर जांच की गई तो उसमें करीब 25 से 30 क्विंटल डोडा चूरा बरामद हुआ। बरामद माल की बाजार कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये आंकी गई है।
मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल
ट्रक को घिरा देख उसे एस्कॉर्ट कर रही एक कार ने अचानक यू-टर्न लिया और 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से भाग निकली। भागते समय कार पहले गुना की तरफ गई और फिर अशोकनगर रोड की ओर मुड़ गई। शाम करीब 7:30 बजे मावन के आगे एक मोड़ पर कार ने बाइक पर सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर बैठा उनका चार वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
कार यहीं नहीं रुकी। आगे जाकर उसने घर के बाहर खड़ी दूसरी बाइक को टक्कर मारी। इस हादसे में पास खड़े कुछ ग्रामीण भी घायल हो गए। रफ्तार इतनी तेज थी कि कार ने एक पेड़ को भी उखाड़ दिया और एक मकान से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
हादसे के तुरंत बाद नारकोटिक्स टीम के जवानों ने घायल बच्चे को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया। बच्चे का इलाज जारी है। वहीं गंभीर रूप से घायल गोवर्धन कुशवाह को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया
सूचना पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। घेराबंदी के बाद पुलिस ने ट्रक चालक मोहम्मद साहिल अंसारी, निवासी झारखंड और फरार हुई कार के चालक विजेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। कार से भोपाल नंबर की संदिग्ध नंबर प्लेट MP 04 ZF 2329 और एक बैग भी बरामद हुआ है। ट्रक NL 01 AB 3364 और कार दोनों को जब्त कर लिया गया है। जबकि कार में GJ 01 RB 0423 नंबर की प्लेट लगी हुई थी।
ये भी पढ़ें- MP: VIP काफिले में पीछे छूट गए मंत्री, सीएम के हेलीकॉप्टर पर सवार होने के लिए लगानी पड़ गई दौड़, देखें वीडियो
गुना के रास्ते राजस्थान में खपाया जाना था डोडा चूरा
पूछताछ में सामने आया है कि यह डोडा चूरा झारखंड से लाकर गुना के रास्ते राजस्थान में खपाया जाना था। एएसपी प्रशांत सिंह सुमन ने बताया कि कार ट्रक को पायलेट कर रही थी। पकड़े जाने के डर से भागते समय उसने यह हादसा किया। मामले में NDPS एक्ट और लापरवाही से मौत की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। नारकोटिक्स विभाग अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रहा है। इस हादसे के बाद मावन गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तस्करों की लापरवाही की वजह से बेगुनाहों की जान गई।