फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Guna News: एक ही मकान से दो दिन में मिले 3 शव, हर कमरे पर बाहर से लगा था ताला

Mon, 22 Jun 2026 05:27 PM IST
गुना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना

सार

म्याना कस्बे में एक बंद मकान से दो दिनों के भीतर तीन शव बरामद हुए हैं। शवों की हालत और कमरों पर बाहर से लगे ताले कई सवाल खड़े कर रहे हैं, जिनके जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है।
विज्ञापन
बंद कमरे की मौत का अनसुलझा राज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिले के म्याना कस्बे में एक बंद मकान से तीन शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई है। पहले एक बुजुर्ग का शव बरामद हुआ, जबकि अगले ही दिन उसी मकान के दूसरे कमरे से एक महिला और एक पुरुष के शव मिले। तीनों शव कई दिन पुराने बताए जा रहे हैं। मकान के सभी कमरों पर बाहर से ताले लगे होने के कारण मामला रहस्यमय बन गया है। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

विज्ञापन


मामला म्याना कस्बे में हनुमान मंदिर के पास स्थित एक मकान का है। रविवार सुबह पड़ोसियों को मकान से तेज दुर्गंध आने लगी। मकान के खिड़की-दरवाजे बंद थे और मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई। कमरे में 60 वर्षीय ओमप्रकाश शर्मा का शव पड़ा मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ने लगा था। परिजनों ने शव की पहचान की। पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया लेकिन मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।

ये भी पढ़ें: MP: राम मंदिर ट्रस्ट में भ्रष्टाचार दुर्भाग्यपूर्ण, मंदिरों के लिए बने सनातन समिति; बोले-शंकराचार्य सदानंद
विज्ञापन


ओमप्रकाश शर्मा की मौत की जांच चल ही रही थी कि सोमवार सुबह मकान के दूसरे कमरे के रोशनदान से खून जैसा पदार्थ रिसता दिखाई दिया और बदबू भी तेज हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उस कमरे का ताला भी तोड़ा। अंदर एक महिला और एक पुरुष के शव मिले। दोनों शव बुरी तरह सड़ चुके थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। कमरे में खून के निशान और बिखरा सामान मिलने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया। पुलिस को मौके से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य दस्तावेज नहीं मिले हैं।

पुलिस के अनुसार ओमप्रकाश शर्मा की पत्नी का पांच वर्ष पहले निधन हो चुका था और उनका बेटा भोपाल में नौकरी करता है। ऐसे में दूसरे कमरे से मिले महिला और पुरुष के शवों की पहचान सबसे बड़ा सवाल बनी हुई है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों का मकान मालिक से क्या संबंध था। फॉरेंसिक टीम ने डीएनए सैंपल, फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं। तीनों शवों का कई दिन पुराना होना और कमरों पर बाहर से ताले लगे होना पुलिस के लिए जांच का अहम बिंदु है। पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
विज्ञापन


एसपी के निर्देश पर कई टीमें गठित की गई हैं। एक टीम कॉल डिटेल और बैंक खातों की जांच कर रही है, जबकि दूसरी टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वहीं तीसरी टीम ओमप्रकाश शर्मा के बेटे और अन्य परिजनों से पूछताछ कर रही है। एक ही मकान से तीन शव मिलने की घटना के बाद पूरे म्याना कस्बे में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डीएनए जांच और अन्य फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के कारण और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल तीनों शवों को मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है और पहचान की प्रक्रिया जारी है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें