मायके पक्ष पर आठ लाख में पत्नी बेचने के आरोप
जिले में एक गर्भवती महिला को कथित रूप से दूसरे व्यक्ति को बेच दिए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। बंदरगढ़ गांव के एक परिवार ने आरोप लगाया है कि उनकी गर्भवती बहू को उसके मायके पक्ष ने 8 लाख रुपये में किसी अन्य व्यक्ति को सौंप दिया। मामले की शिकायत लेकर पीड़ित परिवार ग्रामीणों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा और निष्पक्ष जांच की मांग की।
आवेदन देने वाले जीतेंद्र उर्फ जीतू बंजारा ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले उनकी शादी घूंघरी पहाड़ी निवासी गंगाराम बंजारा की बेटी बतूल बाई से समाज में प्रचलित 'आटा-साटा' (अदला-बदली) की परंपरा के तहत हुई थी। दंपति का तीन वर्षीय बेटा है और उनकी पत्नी वर्तमान में करीब पांच माह की गर्भवती है।
जीतू के अनुसार करीब तीन माह पहले उसके ससुर गंगाराम गेहूं कटाई का काम बताकर बतूल को मायके ले गए थे। कुछ दिन बाद जब वह पत्नी को वापस लाने पहुंचा तो ससुराल पक्ष ने कथित तौर पर नई शर्त रख दी। आरोप है कि उससे कहा गया कि यदि वह अपनी नाबालिग बहन की शादी उनके परिवार में कराएगा, तभी उसकी पत्नी को वापस भेजा जाएगा। जीतू ने बहन के नाबालिग होने का हवाला देते हुए इससे इंकार कर दिया।
ये भी पढ़ें: Chhindwara News: 45 घंटे से 300 फीट ऊंचे बीएसएनएल टॉवर पर बैठा शख्स, स्पेशल रेस्क्यू टीम भी नहीं उतार सकी
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद ससुराल पक्ष ने उसकी पत्नी को वापस भेजने से मना कर दिया। कुछ समय बाद उसे ग्रामीणों से जानकारी मिली कि उसकी पत्नी को विदिशा जिले के शमशाबाद क्षेत्र में 8 लाख रुपये लेकर किसी अन्य व्यक्ति को सौंप दिया गया है। परिवार का कहना है कि उन्होंने पहले राघौगढ़ थाने में शिकायत की थी लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मंगलवार को जीतू अपनी मां, अन्य परिजनों और ग्रामीणों के साथ एसपी कार्यालय की जनसुनवाई में पहुंचा।
महिला की सास ने कहा कि उनकी बहू पांच माह की गर्भवती है और परिवार उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित है। उनका कहना है कि समाज स्तर पर भी मामला सुलझाने का प्रयास किया गया लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। परिजनों ने पुलिस से महिला का पता लगाकर उसे सुरक्षित बरामद करने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
मामले में एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे ने बताया कि फरियादी जनसुनवाई में आवेदन लेकर पहुंचे थे। आवेदन संबंधित थाना पुलिस को भेज दिया गया है। दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान महिला की लोकेशन, उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।