मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियाधाना शहर में बने प्राचीन राम जानकी मंदिर से सोने का एक कलश चोरी हो गया है। इस कलश की कीमत 15 करोड़ रुपये के करीब बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि इसे अज्ञात चोरों ने चुरा लिया है। इस घटना का पता गुरुवार सुबह चला जब स्थानीय नागरिक शैलेंद्र सिंह जुदेओ, जो नगर पंचायत के अध्यक्ष हैं उन्होंने मंदिर के ऊपर स्थापित कलश को गायब देखा। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
पिछोर शहर के उप मंडल अधिकारी आरपी मिश्रा ने बताया कि पुलिस डॉग स्कवॉयड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट के साथ घटनास्थल पर पहुंची। शाही परिवार से ताल्लुक रखने वाले जुदेओ ने कहा कि मंदिर का निर्माण उनके पूर्वजों ने करवाया है और यह 300 साल पुराना है। उन्होंने बताया कि
कलश का वजन 55 किलो है। मिश्रा ने कहा कि कलश की कीमत 15 करोड़ रुपए है।
मिश्रा ने बताया कि उन्होंने मामला दर्ज करके
चोरों को पकड़ने के लिए एक खोज अभियान लॉन्च कर दिया है। यह घटना स्थानीय निवासियों के बीच गुस्से का कारण बनी हुई है। उन्होंने मंदिर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और दुकानें बंद करवाईं। उनका कहना है कि यदि चोरों को जल्द ही नहीं पकड़ा जाएगा तो वह आंदोलन तेज करेंगे।
कुछ समय पहले ही इस मंदिर का जीर्णोद्धार महाराष्ट्र के नांदेड़ से मजदूरों को लाकर किया गया था। उनसे पूछताछ करने के लिए एक पुलिस टीम को वहां भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगांकर ने चोरों की जानकारी देने वाले शख्स को 10,000 रुपए देने की घोषणा की है।