मध्यप्रदेश के मुरैना में एक बकरे को रातभर थाने में रखने का मामला सामने आया है। दरअसल, दीपक बाल्मीकि का बकरा शनिवार की शाम को भागकर एक वीआईपी के बंगले में कूद गया था। बकरे ने घर में कूद फांद शुरू करदी तो वीआईपी ने पुलिस बुला ली। सूत्रों के अनुसार वीआईपी का नाम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद अनीफ खान बताया जा रहा है
वीआईपी ने पुलिस को फोन पर बताया कि एक बकरा उसके घर में घुस आया है। मामला वीआईपी से जुड़ा था, इसलिए पुलिसकर्मी तत्काल वहां पहुंचे और बकरे को पकड़ कर थाने ले आए। सुबह जब बकरे के मालिक को यह बात पता चली तो वो कोतवाली पहुंचा और बकरे को छुड़ाकर लाया।
सिटी कोतवाली टीआई शिवसिंह यादव ने बताया कि हमें रात में सूचना मिली कि एक बकरा घूम रहा है। हमने सोचा कि कोई रात में बकरे को पकड़कर ले जाएगा या काटकर खा जाए तो किसी गरीब का नुकसान होगा। इसलिए हमने उसे रातभर थाना परिसर में रखा। सुबह जब उसका मालिक आ गया तो उसके सुपुर्द कर दिया।