मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ ने राज्य के एक कोविड अस्पताल को डेथ सेंटर (मृत्यु केंद्र) करार दिया है। उन्होंने इस मामले में जांच की मांग की है। कमलनाथ ने कहा, 'मुझे चिरायु अस्पताल में इलाज की प्रक्रिया को लेकर कई शिकायतें मिली हैं।'
उन्होंने कहा, 'लोग इस मामले में विस्तृत जांच चाहते हैं। अस्पताल आने वाले मरीज की पहले क्या रिपोर्ट थी, उनका क्या इलाज किया गया और अस्पताल से छुट्टी मिलते समय (डिस्चार्ज के समय) उनकी क्या समस्या थी, इसका कोई रिकॉर्ड नहीं है। यह मृत्यु का अस्पताल बन गया है।'
कमलनाथ ने कहा, 'मैं मुख्यमंत्री (शिवराज सिंह चौहान) से कहता हूं, आप खुद गए थे अस्पताल, पता नहीं आपको कितनी बात समझ आई और कितनी की जानकारी लेनी है। मैं चाहता हूं इसकी खुली और निष्पक्ष जांच हो। इस जांच में सब अपना सबूत दें कि किस प्रकार का इलाज चिरायु में चल रहा है।'