इंदौर मेें रिंग रोड पर हुए एक हादसे में तेज रफ्तार कार बिजली पोल और पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। राहगिरों ने आग पर मिट्टी डालकर बुझाने का प्रयास किया और कार में घायल पड़े युवकों को बाहर निकाला। टक्कर केे कारण कार के दरवाजे भी बड़ी मुश्किल से खुल पाए।यदि समय रहते लोग चारों युवकों को कार से नहीं निकालते तो बड़ी घटना हो सकती थी। बाद में फायर ब्रिगेड ने आकर आग बुझाई।
खजराना पुलिस के अनुसार हादसा स्टार चौराहे के पास हुआ। तेज रफ्तार कार के ब्रेक फेल हो गए और रफ्तार तेज होने के कार ड्राइवर कार पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार पेड़ से टकरा गई। कार में चार दोस्त प्रवचन निवासी शीतल नगर, रोहित शर्मा निवासी गुलमोहर ग्रीन एमआर-10, अजय पिता ओम सिंह और उत्सव पिता गिरधारीलाल निवासी छोटी भमोरी सवार थे। चारों घायल हुए है। उन्हें उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया।
आग फैलने से पहले निकल चुके थे घायल
घटना के समय मौजूद लोगों ने भी सूझ-बूझ का परिचय दिया। कुछ लोगों ने मिट्टी डालकर कार के आगे के हिस्से में लगी आग बुझाने का प्रयास किया तो कुछ लोग कार के केबिन में फंसे लोगों को निकालने में जुट गए। आग की लपटे कार के केबिन तक पहुंचने से पहले चारों घायल कार से बाहर निकल चुके थे। चारों युवक रात को पार्टी से लौट रहे थे।