मध्यप्रदेश में रीवा जिले से एक बुजुर्ग महिला की पत्थर पटककर हत्या करने का मामला सामने आया है। यह मामला गुढ़ थाना क्षेत्र के अमवा 5 गांव का है। पुलिस के मुताबिक, माता-पिता के मरने के बाद विधवा सतुलिया पटेल (60) अपने मायके में अकेले रहती थी। जबकि बेटे परदेश और बेटियां ससुराल में थीं। कयास लगाए जा रहे हैं कि बुधवार-गुरुवार की रात अज्ञात आरोपी वृद्धा के घर आया। पहले उसने शराब पी, फिर रेप करने की कोशिश की।
पुलिस ने आगे बताया कि आरोपी जब कामयाब नहीं हो पाया तो गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद 60 फुट दूर ले जाकर गड्ढे में फेंक दिया। फिर ऊपर से पत्थर पटक दिया। सुबह गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्या और रेप की आशंका को लेकर मृतका के परिजनों को बुलाया है। इसके साथ ही मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया है।