लोकसभा चुनाव के लिए भोपाल से कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होने के बाद बुधवार को पहली बार भोपाल पहुंचे दिग्विजय सिंह ने कहा कि संघ सांस्कृतिक संगठन है तो उसे मुझसे बैर क्यों है। मैं भी तो हिंदू हूं। इससे पहले कांग्रेस विधायक आरिफ अकील ने दिग्विजय को सबसे बड़ा हिंदू बताया था।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास हिंदू-मुस्लिम के अलावा कोई मुद्दा नहीं है। भाजपा मुझसे डरती है। भोपाल लोकसभा सीट पर मुझे कोई खतरा नहीं है। बता दें कि पिछले 30 सालों से भोपाल सीट भाजपा के कब्जे में रही है।
मंगलवार को दिग्विजय ने अपने गुरू जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती से झोतेश्वर धाम जाकर आशीर्वाद लिया था। इसके बाद उन्होंने जबलपुर के दयोदय तीर्थ तिलवारा पहुंच जैन संत आचार्य विद्यासागर से आशीर्वाद लिया।
जयवर्धन बोले- मेरे पिता सच्चे हिंदू
वही दिग्विजय के बेटे और विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि मेरे पिता सच्चे हिंदू हैं। बताया जा रहा है कि दिग्विजय सिंह पिछले तीन महीनों में 12 से ज्यादा मठ-मंदिरों में जा चुके हैं।
बाबूलाल गौर का पलटवार
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता बाबूलाल गौर ने कहा कि दिग्विजय को चुनाव के समय ही हिंदू क्यों याद आता है। आरिफ अकील भी पहले हिंदू का मतलब समझे। दिग्विजय शुरू से गंगा-जमुनी तहजीब वाले नेता रहे हैं। यानि वह 50 फीसदी हिंदू हैं। बाकी का हिस्सा दूसरे धर्मों के लिए है। इसलिए लोग उनपर शक करते हैं।