कार्यक्रम में पूजन करते हुए जनप्रतिनिधि
विजयादशमी के पावन पर्व पर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में पारंपरिक शस्त्र पूजन कार्यक्रम अत्यंत उत्साह, आस्था और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री, नगरीय विकास एवं आवास, संसदीय कार्य विभाग, मध्यप्रदेश शासन एवं जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय उपस्थित रहे। इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, क्षेत्रीय विधायक नीना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदारसिंह मेढ़ा, कलेक्टर राजीव रंजन मीना तथा पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ शस्त्र पूजन किया। वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार शस्त्रों को सजाकर धूप-दीप अर्पित किए गए और आरती उतारी गई।
ये भी पढ़ें-
नरवर में माता विसर्जन जुलूस में भिड़े दो पक्ष, जमकर चले लात-घूंसे, पुलिस ने लाठियां भांजकर खदेड़ा
शास्त्र की नीति और न्याय सर्वोपरि: विजयवर्गीय
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि हमारी सनातन परंपरा में शास्त्र हमें नीति, न्याय और अनुशासन की शिक्षा देते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज को शास्त्रों के अनुसार और उनकी मर्यादाओं के तहत चलना चाहिए। जब समाज शास्त्रों द्वारा निर्धारित सिद्धांतों का पालन करता है, तब शांति और न्याय कायम रहता है। शस्त्र केवल अंतिम विकल्प के रूप में असहायों की सुरक्षा, समाज की रक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का माध्यम हैं। संबोधन के दौरान प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय ने जिले में इस वर्ष औसत से 40% कम हुई वर्षा पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कम वर्षा के कारण जल संकट की चुनौती सामने है, इसलिए हम सभी को पानी का विवेकपूर्ण उपयोग और सदुपयोग करना होगा। उन्होंने परिवारों से बैठकर जल संरक्षण की योजना बनाने और RO वाटर के बचे हुए पानी का उपयोग बागवानी, धुलाई एवं अन्य कार्यों में करने का संकल्प लेने का आग्रह किया। समारोह में पुलिस बल के जवानों द्वारा हर्ष फायर कर परंपरा का निर्वहन किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों व अधिकारियों ने एक-दूसरे को विजयादशमी एवं आगामी दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं।
राहुल रहस्यवमय नेता
मंत्री विजयवर्गीय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि शस्त्र पूजन हमारी सनातन परंपरा है, और हमने हमेशा शस्त्र और शास्त्रों का सम्मान किया है। शास्त्र हमें नीति, न्याय, अनुशासन और उसकी शिक्षा देते हैं। जो व्यक्ति शास्त्र के अनुरूप नहीं चलता, फिर शस्त्र का उपयोग होता है, अन्यथा शस्त्र हमारी शांति स्थापना के लिए होता है। दिग्विजय सिंह की यात्रा को लेकर कहा कि कांग्रेस ने कुछ काम तो दिया नहीं है, वे फालतू बैठ नहीं सकते। इसलिए यात्रा ही निकाल रहे। राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर कहा कि राहुल गांधी एक बहुत रहस्यमय नेता हैं, वे कब क्या करेंगे, कहां जाएंगे और कब आएंगे, यह किसी को पता नहीं रहता।
कार्यक्रम में पूजन करते हुए जनप्रतिनिधि
कार्यक्रम में पूजन करते हुए जनप्रतिनिधि