जिले के मनावर तहसील अंतर्गत ग्राम सेमल्दा में रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां नर्मदा नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से दो युवक गहरे पानी में डूब गए। वहीं, दो अन्य को स्थानीय लोगों और नाविकों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लापता दोनों युवकों की तलाश के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
जानकारी के अनुसार, चारों दोस्त मनावर के समीप ग्राम टोंकी स्थित एक सीमेंट कंपनी में कार्यरत हैं और मूल रूप से राजस्थान के कोटपुतली के रहने वाले हैं। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण वे मनावर से नर्मदा नदी घूमने और स्नान करने के लिए ग्राम सेमल्दा आए थे। शाम करीब 5 बजे चारों युवक नदी में नहाने के लिए उतरे, लेकिन नहाते समय वे करीब 15 से 20 फीट गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
ये भी पढ़ें-
तीन घंटे चला दूसरा पोस्टमार्टम, दिल्ली की टीम पहुंची घटनास्थल; 12 दिन बाद अंतिम संस्कार
साइट इंचार्ज थे लापता युवक
हादसे में सुरक्षित बचे नवीन योगी ने बताया कि लापता हुए दोनों युवक कंपनी में साइट इंचार्ज के पद पर कार्यरत थे। हादसे के दौरान पूरण पिता फूलचंद यादव (40 वर्ष) और दिनेश पिता देवकरण यादव (34 वर्ष) अभी तक लापता हैं, साथ ही मनोज यादव और नवीन योगी को सुरक्षित बचा लिया गया है। युवकों को डूबता देख नदी किनारे मौजूद स्थानीय ग्रामीणों और नाविकों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने सूझबूझ से मनोज यादव और नवीन योगी को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन पूरण और दिनेश का कोई सुराग नहीं मिल पाया। घटना की सूचना मिलते ही मनावर पुलिस और प्रशासनिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय निवासी महेश जमरा ने बताया कि शाम करीब 7:30 बजे तक गोताखोर और ग्रामीणों की टीम नावों की मदद से गहरे पानी में लापता युवकों को ढूंढने का प्रयास कर रही थी। नाव घाट पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और सीमेंट कंपनी के कर्मचारियों की भीड़ जमा है। प्रशासन द्वारा सर्चिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है।