आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र डही में नई गाड़ी खरीदने के पहले टेस्ट ड्राइव के बहाने बदमाश बोलेरो वाहन लेकर फरार हो गए। शोरूम संचालक ने वाहन की तलाश शुरू की तो बोलेरो 15 किमी दूर सड़क किनारे पलटा हुआ मिला, इधर वाहन के साथ कंपनी का कर्मचारी मौजूद था, जो अब लापता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शोरूम संचालक ने सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस शोरूम पहुंची व सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जिसमें वाहन की टेस्ट ड्राइव लेने आए लोग नजर आए हैं, जिनकी तलाश अब की जा रही है। वाहन में पुलिस लिखी नेम प्लेट भी मिली है।
जानकारी के अनुसार बोलेरो एमपी-04 टीबी-3572 की टेस्ट ड्राइव के लिए शोरूम संचालक ने कर्मचारी सोहेल को ग्राहकों के साथ भेजा था। काफी समय तक जब वाहन वापस नहीं आया तो संचालक को शक हुआ। उन्होंने सोहेल को फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। घटना की सूचना मिलते ही डही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी। कुछ ही समय बाद बोलेरो वाहन डही से करीब 15 किलोमीटर दूर पीथनपुर हॉस्टल के पास पलटी हुई मिली। शोरूम संचालक हारून खत्री ने बताया कि, बोलेरो लेने आए संदिग्ध लोग सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, टेस्ट ड्राइव पर गया कर्मचारी सोहेल अभी तक लापता है, जिससे चिंता बढ़ गई है। डही थाना प्रभारी दिलीप तदेवला ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस लापता कर्मचारी की तलाश कर रही है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।
ये भी पढ़ें-
एमपी की एक और सोनम: पति से अक्सर लड़ती थी प्रियंका, सामने आया लड़ाई का वीडियो; सुपारी किलर सुरेंद्र अब भी फरार
बड़े-बड़े अफसर भी पहुंचे
घटना कि सूचना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इसके बाद कुक्षी एसडीओपी सुनील गुप्ता, कुक्षी थाना प्रभारी राजेश यादव, डही थाना प्रभारी दिलीप कुमार तडेवला सहित पुलिस टीम सघनता से जांच पड़ताल में जुट गई। इसी बीच पुलिस ने पूरे घटनाक्रम को लूट और अपहरण मानते हुए साइबर टीम को भी सक्रिय कर दिया। महेश सनसनीखेज घटना की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक डीआईजी मयंक अवस्थी भी देर शाम को घटनास्थल सुसारी पहुंचे, जहां पलटी खाये पड़े वाहन की बारीकी से जांच पड़ताल की गई।
सूत्रों के अनुसार वाहन डही से अत्यधिक तेज स्पीड में सुसारी की ओर जा रहा था, जो अज्ञात कारणों से दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों के घायल होने के बाद खून के निशान भी पाए गए हैं। इधर पुलिस और साइबर टीम ने क्षेत्र के सभी शासकीय और निजी अस्पतालों में घायलों के संबंध में जानकारी जुटाई, पर कहीं कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस इस घटना को लूट व अपहरण के एंगल से गंभीरता से लेते हुए सघनता से जांच पड़ताल में जुटी है और शोरूम से टेस्ट ड्राइव के दौरान साथ में गए युवक साहिल के अपहरण होने की शंका के तहत खोजबीन की जा रही है। इधर गायब हुए साहिल के परिजन और शोरूम संचालक भी कुक्षी एसडीओपी सुनील गुप्ता सहित डही कुक्षी थाना पुलिस से लगातार शाहिल की वापसी को लेकर गुहार लगा रहे हैं। अब इस सनसनीखेज वारदात ने पुलिस प्रशासन को मुश्किल में डाल दिया है और पुलिस की टीम लगातार परिस्थितियों के आधार पर जांच कर रही है।
वाहन पलटा मिला।