जिले के धामनोद क्षेत्र में 4 वर्षीय मासूम बच्ची से छेड़छाड़ के मामले में परिजनों की सतर्कता और साहस से आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। परिजनों ने आरोपी को पकड़कर सीधे थाने पहुंचाया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
घटना 6 मई की रात की बताई जा रही है। पीड़ित बच्ची की मां के अनुसार उसके पति काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। रात करीब 8 बजे उसने अपने दोनों बच्चों को घर के बाहर ओटले पर सुला दिया और खुद घर के भीतर काम करने चली गई।
ये भी पढ़ें: Ujjain: अखाड़ों की जमीन पर अवैध कब्जा, संतों ने प्रशासन को घेरा, बोले- अतिक्रमण नहीं हटा तो...
कुछ देर बाद बच्ची के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनाई दी। चीख सुनकर मां और परिवार के अन्य सदस्य बाहर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि गांव का ही रमेश भाबर बच्ची के साथ गलत हरकत कर रहा था। शोर मचते ही आरोपी मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
अगले दिन परिजनों ने दबोचा आरोपी
परिजनों के अनुसार घटना के अगले दिन आरोपी फिर से पीड़िता के घर के आसपास घूमता दिखाई दिया। जैसे ही परिवार के लोगों की नजर उस पर पड़ी, उन्होंने तुरंत घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और सीधे धामनोद थाने ले गए।
धामनोद पुलिस ने आरोपी रमेश भाबर के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।