फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धार: बिजली कनेक्शन स्थाई करने के लिए मांगी रिश्वत, चार हजार लेते लाइनमैन गिरफ्तार; पहले वसूल चुका था भारी रकम

Fri, 23 Oct 2026 03:12 PM IST
धार ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धार

सार

मध्य प्रदेश के धार जिले के बदनावर में लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने बिजली कनेक्शन स्थाई कराने के नाम पर रिश्वत लेने वाले लाइनमैन को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पहले ही किसान से 15 हजार रुपये वसूल चुका था और शेष रकम के लिए दबाव बना रहा था।
 
विज्ञापन
गिरफ्तार आरोप - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्य प्रदेश के धार जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के बदनावर ग्रामीण कार्यालय में पदस्थ लाइन परिचालक (लाइनमैन) सौरभ कुमार जैन को 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी पर एक किसान से अस्थाई बिजली कनेक्शन को स्थाई कराने के बदले 20,000 रुपये मांगने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, वह पहले ही 15,000 रुपये ले चुका था।
विज्ञापन


तीन महीने पहले मांगी थी 20 हजार रुपये की रिश्वत
लोकायुक्त से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बालोदा माझी, तहसील बदनावर निवासी किसान राजेश दास (38) ने अपने पिता के नाम दर्ज अस्थाई बिजली कनेक्शन को स्थाई कराने के लिए लाइनमैन सौरभ कुमार जैन (35) को आवेदन और दस्तावेज सौंपे थे। आरोप है कि करीब तीन महीने पहले काम कराने के बदले लाइनमैन ने 20,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।

नकद और ऑनलाइन माध्यम से वसूल चुका था 15 हजार
शिकायत के अनुसार, आरोपी लाइनमैन 10,000 रुपये नकद और 5,000 रुपये ऑनलाइन माध्यम से पहले ही ले चुका था। शेष रकम में से 4,000 रुपये देने के लिए वह किसान पर लगातार दबाव बना रहा था। इससे परेशान होकर राजेश दास ने 22 अक्टूबर को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
विज्ञापन


शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देश पर उसका गोपनीय सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद शुक्रवार, 23 अक्टूबर को लोकायुक्त निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाकर घेराबंदी की।

बिजली कंपनी के कार्यालय में 4 हजार लेते पकड़ा
योजनानुसार, जैसे ही किसान राजेश दास ने बदनावर स्थित बिजली कंपनी के कार्यालय में लाइनमैन सौरभ कुमार जैन को 4,000 रुपये सौंपे, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

लोकायुक्त टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में निरीक्षक सचिन पटेरिया के साथ प्रधान आरक्षक विवेक मिश्रा, आरक्षक आदित्य सिंह भदौरिया, पवन पटोरिया, सतीश यादव और कृष्ण अहिरवार शामिल रहे।
लोकायुक्त पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इंदौर संभाग में कोई भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो निर्भीक होकर लोकायुक्त कार्यालय या उसके दूरभाष नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें