अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिलेभर में व्यापक कार्रवाई की है। पिछले 10 दिनों में आबकारी अमले ने 187 प्रकरण दर्ज करते हुए 101 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 29 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब जब्त की गई है।
कलेक्टर राजीव रंजन मीणा के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त दीपक अवस्थी के मार्गदर्शन में विभागीय टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान होटल, ढाबों सहित संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी गई। फोरलेन मार्ग पर रात के समय गश्त भी बढ़ाई गई है। संदिग्ध वाहनों की तलाशी लेकर अवैध शराब के परिवहन पर नजर रखी जा रही है।
विभाग के अनुसार जिले में अभी तक संदिग्ध जहरीली शराब से संबंधित कोई प्रकरण सामने नहीं आया है। हालांकि, किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है। लाइसेंसी ठेकेदारों को आवंटित शासकीय दुकानों से भी शराब के सैंपल लिए गए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें: प्राचीन इंजीनियरिंग है या चमत्कार? विशेषज्ञ बोले- स्केनिंग रिपोर्ट बिना प्रतिमा को छूना खतरनाक
22 हजार किलो महुआ लहान जब्त
अवैध शराब बनाने के लिए उपयोग किए जा रहे महुआ लहान के खिलाफ भी आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के संभावित ठिकानों की लगातार निगरानी की जा रही है। जहरीली शराब के निर्माण और बिक्री की आशंका को देखते हुए विभाग विशेष रूप से अलर्ट है। कार्रवाई के दौरान 489 लीटर देशी मदिरा, 1265 लीटर हाथ भट्टी शराब, 25 लीटर ताड़ी, 132 लीटर विदेशी मदिरा, 346 लीटर बीयर और 22 हजार किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया है।
परिवहन पर भी रहेगी नजर
अवैध शराब के परिवहन को रोकने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष रणनीति तैयार की है। सहायक आबकारी आयुक्त दीपक अवस्थी ने जिले के सभी वृत्त अधिकारियों और सहायक जिला आबकारी अधिकारियों की बैठक लेकर क्षेत्र में लगातार सर्चिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जब्त मदिरा के सैंपल समय-समय पर लेने के लिए भी कहा गया है। अवैध शराब के खिलाफ की जा रही कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रशांत मंडलोई, डॉ. निलेश नेमा, आबकारी उप निरीक्षक राज कुमार शुक्ला, संग्राम सिंह गोरे, मुनेंद्र जादौन, अश्विनी रोजड़े, वर्षा राजपूत, जितेंद्र राठौर सहित विभागीय स्टाफ शामिल है।
सहायक आबकारी आयुक्त ने कहा
दीपक अवस्थी, सहायक आबकारी आयुक्त ने कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध शराब के परिवहन और विक्रय के खिलाफ विभागीय टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। जिले में अभी तक संदिग्ध जहरीली शराब को लेकर कोई प्रकरण सामने नहीं आया है, लेकिन विभागीय टीम अलर्ट है। जब्त शराब की सैंपलिंग भी कराई जा रही है। पिछले 10 दिनों में 187 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।