धार में आवारा कुत्ते ने किया बच्चे पर जानलेवा हमला
- फोटो : अमर उजाला
जिले के नालछा तहसील के ग्राम बांग्ला में आवारा कुत्तों का खूंखार रूप सामने आया है। यहां घर के आंगन में खेल रही तीन वर्षीय मासूम बच्ची पर आवारा कुत्ते ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के चेहरे को बुरी तरह से नोंच डाला, जिससे उसकी नाक और कान के पास का मांस तक निकल गया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को पहले धार और फिर बिगड़ती स्थिति को देखते हुए इंदौर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम ने उसकी जटिल सर्जरी की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बांग्ला निवासी आनंद जाट की तीन वर्षीय बेटी हितांशी रविवार को अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता वहां घुस आया और मासूम पर हमला कर दिया। इससे पहले कि परिजन कुछ समझ पाते, कुत्ते ने बच्ची के चेहरे पर कई जगह गहरे घाव कर दिए। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों ने बमुश्किल उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। लहूलुहान हालत में परिजन बच्ची को तुरंत धार के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल के डॉ. मयंक महाजन ने बताया कि बच्ची के चेहरे पर बेहद गहरे जख्म थे। डॉक्टरों की टीम ने करीब दो घंटे तक कड़ी मशक्कत कर प्राथमिक उपचार किया और घावों को सुरक्षित करने के लिए करीब 40 टांके लगाए। हालांकि, जख्मों की गंभीरता और चेहरे की बिगड़ी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत इंदौर रेफर करने की सलाह दी।
ये भी पढ़ें-
किसान के घर हथियारों से लैस बदमाशों का धावा, परिजनों से मारपीट कर 95 हजार की लूट
रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी
इंदौर के एक निजी अस्पताल में सोमवार सुबह डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम ने बच्ची का ऑपरेशन शुरू किया। सुबह 8 बजे से 10 बजे तक चली इस जटिल सर्जरी में डॉक्टरों ने पहले गहरे घावों को साफ किया। कुत्ते के काटने से बच्ची की नाक की नली और हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। प्लास्टिक और रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी के जरिए डॉक्टरों ने बच्ची की नाक के हिस्से का पुनर्निर्माण किया और चेहरे को दोबारा व्यवस्थित किया। डॉक्टरों के सामने सबसे बड़ी चुनौती बच्ची के चेहरे को पुराना सामान्य स्वरूप लौटाना था। राहत की बात यह है कि कई चरणों में चली यह जटिल सर्जरी पूरी तरह सफल रही। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने के कारण बच्ची की स्थिति अब खतरे से बाहर है और वह धीरे-धीरे स्वस्थ हो रही है। इस सफल ऑपरेशन के बाद सहमे हुए परिवार ने डॉक्टरों की टीम का आभार व्यक्त किया है।