मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के देवास जिले में 14 मई को पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। टोंककला क्षेत्र स्थित पटाखा कारखाने में धमाके के बाद लगी आग में कम से कम दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर दुख जताया और तुरंत जांच के आदेश जारी कर दिए।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, अधिकारियों को मौके पर भेजा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देवास जिले के टोंककला में पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने की खबर हृदय विदारक है। उन्होंने जिले के प्रभारी और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे की विस्तृत जांच कराई जाएगी और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता
सीएम मोहन यादव ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही सभी घायलों का निःशुल्क इलाज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकाकुल परिवारों को दुख सहन करने की शक्ति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
15 घायल, कई को इंदौर रेफर किया गया
जिलाधिकारी ऋतुराज सिंह ने बताया कि टोंककला क्षेत्र स्थित पटाखा कारखाने में आग लगने से अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से नौ लोगों को गंभीर हालत में इंदौर के अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि फैक्टरी में लगी आग पर काबू पा लिया गया है और वहां रखे अन्य बारूद को प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया है।
ये भी पढ़ें- फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, दो मजदूरों की हुई मौत और कई घायल, धमाके से दहल उठा इलाका
15 दिन पहले शुरू हुआ था पटाखा बनाने का काम
प्रशासन के मुताबिक यह फैक्टरी अनिल मालवीय नाम के व्यक्ति की है। यहां करीब 15 दिन पहले ही छोटे पटाखे बनाने का काम शुरू किया गया था और फैक्टरी के नाम लाइसेंस भी जारी किया गया था। जिलाधिकारी ने बताया कि फैक्टरी में हुए अग्निकांड की विस्तृत जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार धमाका इतना जोरदार था कि शवों के टुकड़े दूर तक जा गिरे। बताया जा रहा है कि फैक्टरी परिसर में निर्माण कार्य भी जारी था और वहां अलग-अलग शेड बनाए जा रहे थे।
मुख्यमंत्री ने इंदौर पहुंचकर देवास हादसे के घायलों से भेंट की
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार रात इंदौर पहुंचकर देवास जिले के टोंककलां में पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे के घायल नागरिकों से भेंट कर उनके उपचार की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस हादसे से प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अन्य कार्यक्रम निरस्त कर नई दिल्ली से सीधे इंदौर पहुंचकर अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती घायलों से भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सर्वप्रथम एयरपोर्ट से चोइथराम हॉस्पिटल पहुंचकर देवास के हादसे के कारण घायल हुए नागरिकों से मुलाकात की और उनका उपचार कर रहे चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने एमवाय अस्पताल में दाखिल घायलों से भी मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दोपहर में इस हादसे की जानकारी प्राप्त होते ही देवास जिला प्रशासन को प्रभावित नागरिकों की हर संभव सहायता के निर्देश दिए थे। उन्होंने इंदौर में उपचार करवा रहे घायलों का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए थे।