सीआईएसएफ की भर्ती प्रक्रिया के दौरान सप्ताह में दूसरी बार गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इस बार भी एक ऐसा युवक पकड़ाया है जिसने लिखित परीक्षा किसी और से दिलवाई थी मगर फिजिकल टेस्ट देने खुद पहुंच गया। पुलिस ने केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक करीब पांच माह पहले सुरक्षा बलों की भर्ती प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा होने के बाद इन दिनों बैंक नोट प्रेस (बीएनपी) में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की यूनिट में शारीरिक दक्षता परीक्षण (फिजिकल टेस्ट) चल रहा है। इसके तहत विभिन्न जिलों के लिखित परीक्षा में सफल होने वाले युवा आ रहे हैं। गुरुवार को बायोमेट्रिक टेस्ट के दौरान सतना जिले के युवक धीरज सिंह का फोटो मिलान नहीं हुआ। उसके फोटो की जगह रिकॉर्ड में किसी अन्य का फोटो आ रहा था। शंका होने पर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि लिखित परीक्षा उसने एक परिचित युवक से दलवाई थी क्योंकि उसे खुद के पास हो पाने में शंका थी। परीक्षा में सफल होने के बाद वो फिजिकल के लिए देवास आया था। मामले में सहायक कमांडेंट नरेंद्र सिंह के शिकायती आवेदन पर बीएनपी पुलिस ने आरोपी धीरज सिंह पिता करण सिंह निवासी शेरगंज, रघुराज सतना के खिलाफ धारा 419, 420, 120 बी के तहत प्रकरण दर्ज किया।
एक सप्ताह पहले भी पकड़ाया था युवक
गौरतलब है कि इससे पहले 20 मई को भी एक युवक इसी तरह की प्रक्रिया के दौरान पकड़ा गया था। यह युवक बमुर बसई, धनेला जिला मुरैना निवासी पवन पिता केदार सिंह था। इसने पूछताछ में बताया था कि 10 हजार रुपये देकर एक अन्य युवक को लिखित परीक्षा में बैठाया था। प्रकरण दर्ज होने के बाद बीएनपी पुलिस परीक्षा देने वाले की तलाश में मुरैना गई थी, लेकिन वहां पहुंचने पर पता चला था कि उक्त युवक पहले से ही जेल में बंद है। अब एक नए मामले के बाद पुलिस टीम के सतना जाने की स्थिति बन गई है।