जिले के चंदाना गांव में दो लोगों की मौत के मामले की जांच के दौरान सामने आए अवैध शराब बिक्री के आरोपों के बीच देवास पुलिस ने फरार बताए जा रहे विनोद जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में अवैध शराब कारोबार से जुड़े कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 54 लीटर देशी शराब, एक कार, 10 मोबाइल फोन और 10 हजार रुपए नकद सहित करीब 7 लाख 25 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार 15 और 18 अक्तूबर को ग्राम चंदाना में दो व्यक्तियों की मौत की सूचना जिला अस्पताल से मिलने पर थाना सिविल लाइन में मर्ग कायम किए गए थे। जांच के दौरान मृतकों के परिजनों और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए गए। इनमें चंदाना निवासी विनोद जायसवाल द्वारा गांव में अवैध रूप से शराब बेचने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से विनोद फरार था।
नाकाबंदी कर कार सवारों को पकड़ा
26 अक्तृबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विनोद अपने साथियों के साथ कहीं जाने वाला है। इसके बाद पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी की। प्रताप नगर-अंबेडकर नगर क्षेत्र में सफेद रंग की कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर कार सवारों ने भागने की कोशिश की लेकिन टीम ने घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान विनोद जायसवाल, अजय राठौर और रामेश्वर सोनगरा के रूप में हुई। कार की तलाशी लेने पर डिक्की से देशी शराब की छह पेटियां मिलीं। पुलिस ने शराब जब्त कर कोतवाली थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में प्रकरण दर्ज किया।
शराब कारोबार से जुड़े अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपियों ने सत्येंद्र ओझा, नितिन सोलंकी, चंद्रशेखर बैरागी, राजदेव, जुगल सिंह, राजेंद्र निनामा और विशाल चौहान के साथ मिलकर अवैध शराब बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर कार्रवाई की और कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की विवेचना जारी है गिरफ्तार आरोपियों में वाइन शॉप के कर्मचारी भी शामिल हैं। मामले में अवैध शराब की बिक्री और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।