मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में किसानों के 51 हजार रुपए तक के भूमि विकास और सहकारी बैंकों के कर्ज माफ करने के साथ पेट्रोल व डीजल पर वैट कम करने की घोषणा की है।
कांग्रेस ने वादा किया है कि वह सत्ता में आई तो राज्य में विधानपरिषद का गठन करेगी और मुस्लिमों के हित में सच्चर कमेटी की सिफारिशों को लागू किया जाएगा। गरीबों को 35 किग्रा राशन हर महीने मुफ्त दिया जाएगा।
किसानों के बिजली के विवादित बिलों का निपटारा किया जाएगा और बिजली के बिलों को लेकर लगाए गए प्रकरण वापस किए जाएंगे।
किसान और बिजली
कांग्रेस घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में किसानों को होने वाले नुकसान की भरपाई अब खेत को ईकाई मानकर की जाएगी।
किसानों पर बनाए गए बिजली चोरी के झूठे प्रकरणों के साथ विवादित बिजली बिलों को भी वापस किया जाएगा। इसी के साथ 5 हार्सपावर तक के पंपों को निशुल्क बिजली दी जाएगी। कनेक्शन के दौरान खंभे और तारों का खर्च किसानों को नहीं भुगतना पड़ेगा।
अल्पसंख्यक का भी ध्यान
अपने घोषणा पत्र में अल्पसंख्यकों का ध्यान रखते हुए कांग्रेस ने कहा गया है कि प्रदेश में सच्चर कमेटी की सिफारिशों को केंद्र के निर्णय के अनुसार तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा।
मदरसों का आधुनिकीकरण, मदरसों को विशेष आर्थिक सहायता, सांप्रदायिक हिंसा विरोधी अधिनियम कमजोर विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्तियों का वादा किया है।
घोषणा पत्र में कहा गया है कि व्यावसायिक परीक्षा मंडल के स्थान पर भर्तियां पीएससी के जरिए की जाएंगी। गरीबों को एक बत्ती कनेक्शन और मुफ्त इलाज की सुविधा का वादा किया है।
बेरोजगारों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए पचौरी ने कहा कि दो लाख सरकारी पदों पर भर्तियां की जाएंगी। इसमें से 50 फीसदी पदों पर महिलाओं की नियक्तियां की जाएंगी।
संविदा शिक्षकों को समान वेतन की घोषणा भी कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में की है।
लैपटाप योजना
बारहवीं कक्षा में 75 फीसदी या अधिक अंक लेकर उत्तीर्ण होने वाले समस्त विद्यार्थियों को बच्चों को लैपटाप मुफ्त दिए जाएंगे। राज्य की मेरिट लिस्ट में सभी संकायों के प्रथम दस छात्रों को दोपहिया स्कूटी मुफ्त देने की घोषणा की गई है।
राजकीय विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में प्रथम आने वाले विद्यार्थियों को लैपटाप दिया जाएगा। टैबलेट देने की घोषणा भी की गई है। आदिवासियों के बारे में कहा गया है कि वनाधिकार कानून के तहत आदिवासियों को उनकी भूमि का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
सभी नेता थे उपस्थित
घोषणापत्र जारी करने के मौके पर कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता उपस्थित थे। केंद्रीय मंत्री कमलनाथ को छिंदवाड़ा रवाना होना था। वह जल्दी ही रवाना हो गए।
उनके बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी पत्रकारों के कुछ सवालों के उत्तर देकर रवाना हो गए। सिंधिया को ग्वालियर रवाना होना था। एक प्रश्न पर सिंधिया ने कहा कि जब हम जमीनी स्तर पर राज्यभर में घूम रहे हैं आप कह रहे हैं कि पीसीसी कार्यालय में क्यों नहीं बैठ रहे।
इस मौके पर दिग्विजय सिंह, कांतिलाल भूरिया, मोहन प्रकाश, केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर आए हरीश रावत भी उपस्थित थे।