चुनावी मैदान में उतरीं संजना सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार और वंचित वर्गों के अधिकार हमारी प्राथमिकताएं रहेंगी। छोटे-छोटे कामों के जरिए बदलाव लाने का प्रयास करेंगे।
दतिया विधानसभा उपचुनाव अब त्रिकोणीय मुकाबला नहीं रह गया है। भाजपा, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी के बीच माने जा रहे चुनावी मुकाबले में अब भारतीय गण वार्ता पार्टी की उम्मीदवार किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर संजना सिंह उर्फ संजना नंद गिरि की एंट्री हो गई है। शनिवार को संजना सिंह ने दतिया शहर में अपने चुनाव कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इसी के साथ उन्होंने अपने प्रचार अभियान की शुरुआत भी कर दी। कार्यालय उद्घाटन के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे और उनके चुनाव चिह्न बैटरी (टॉर्च) के समर्थन में नारे लगाए गए।
विज्ञापन
क्या बोलीं संजना सिंह?
बातचीत में संजना सिंह ने कहा कि मैं किसी पार्टी का चेहरा नहीं हूं, बल्कि उस समाज की आवाज हूं जिसे लंबे समय से नजरअंदाज किया गया है। दतिया की जनता ने मुझे बेटी और बहन की तरह अपनाया है। अब समय है कि इस भरोसे को वोट में बदला जाए। उन्होंने दावा किया कि उनके समर्थन में देशभर के किन्नर अखाड़ों के संत, महंत और उस्ताद दतिया पहुंचेंगे। संजना सिंह ने कहा, “यह चुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं है, बल्कि सम्मान, स्वाभिमान और बराबरी की लड़ाई है।
चुनाव चिन्ह को लेकर क्या बोलीं?
अपने चुनाव चिह्न बैटरी (टॉर्च) को लेकर उन्होंने कहा कि टॉर्च अंधेरे में रास्ता दिखाती है। इसी तरह उनका उद्देश्य दतिया के विकास में नई रोशनी लाना है। संजना सिंह ने कहा कि वे बड़े-बड़े वादों की बजाय घर-घर संपर्क और चौपालों के जरिए लोगों से संवाद करेंगी। उन्होंने कहा, “महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार और वंचित वर्गों के अधिकार हमारी प्राथमिकताएं रहेंगी। छोटे-छोटे कामों के जरिए बदलाव लाने का प्रयास करेंगे। कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।