दमोह जिले के हटा तहसील में सुनार नदी पर बहने वाले भदभदा वॉटरफॉल में बुधवार को एक युवक की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए हटा भिजवाया गया।
सुनार नदी पर बना वॉटरफॉल इस समय पूरे जिले में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। गर्मी से निजात पाने के लिए प्रतिदिन हजारों लोग वॉटरफॉल पर पहुंच रहे हैं। यहां प्रशासन ने सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए हैं। इससे लापरवाहीपूर्वक लोग यहां नहाने पहुंच रहे हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। गैसाबाद थाना के खमरिया असाटी गांव निवासी गोविंद पिता श्यामलाल पटेल, 20, बुधवार दोपहर अपने साथियों के साथ भदभदा वॉटरफॉल में नहाने गया था। वह गहरे पानी में डूब गया और उसकी मौत हो गई। कुछ देर मृतक के साथियों ने उसके बाहर आने का इंतजार किया। जब वह बाहर नहीं निकला तो पुलिस को सूचना देकर नदी से शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।