दमोह में असामाजिक तत्व विद्युत लाइन को अवरुद्ध कर रहे हैं।
- फोटो : अमर उजाला
दमोह जिले के तेंदूखेड़ा में असमाजिक तत्वों ने 33 केवी बिजली लाइन पर साइकिल की चेन और लकड़ी डालकर फॉल्ट पैदा कर रहे हैं। बिजली कर्मचारी सुधार-सुधारकर परेशान हो गए हैं। इन असमाजिक तत्वों के बारे में जानकारी लगी तो सहायक अभियंता ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई करने की बात कही है।
33 केवी लाइन का हर्रई से तेंदूखेड़ा तक बिस्तार किया गया है। इस बिस्तार के बाद यह लाइन तारादेही तक जाती है। इस ब्लॉक के 99 गांव ऐसे हैं, जहां इस लाइन के माध्यम से बिजली पहुंचती है। पिछले एक सप्ताह से दिन हो या रात लाइन में फॉल्ट आ रहा है। खोजबीन करने पर हर बार कहीं लकड़ी फंसी मिली तो कहीं साइकिल की चेन या फिर कोई अन्य यंत्र जिससे फॉल्ट होता है। भीषण गर्मी में कर्मचारी उसका सुधार खोजते रहते हैं। बिजली सप्लाई बंद होने से नगर और क्षेत्र के लोगों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बिजली विभाग तो अपना काम कर रहा है लेकिन कुछ असामाजिक तत्व बार-बार बिजली में फॉल्ट बना रहे हैं। तेंदूखेड़ा के सहायक अभियंता एमएफ अंसारी ने बताया कि एक सप्ताह से लगातार बमोहरी वन विभाग डिपो सांगा और कंसा के पास नर्सरी जाने वाले मार्ग पर फॉल्ट मिले हैं। यह अचानक नहीं हुए बल्कि कहीं लकड़ी फंसी मिली तो कहीं दो तारों के बीच साइकिल की चेन। कुछ जान-बूझकर बिजली सप्लाई को बाधित कर रहे हैं।
पुलिस को लिखा पत्र
सहायक अभियंता एमएफ अंसारी ने गुरुवार को तेंदूखेड़ा थाने में शिकायती पत्र दिया है। पिछले एक सप्ताह से लगातार बिजली सप्लाई में फॉल्ट आ रहा है। असामाजिक तत्वों से बिजली लाइन को सुरक्षित रखने की गुहार पुलिस से की गई है। तेंदुखेड़ा थाना प्रभारी को पत्र देकर मदद मांगी है। उन लोगों की जानकारी लेने को कहा है जो बिजली सप्लाई मे फॉल्ट बना रहे हैं।
विभाग बदनाम कर्मचारी परेशान
थाने में दिए गए पत्र में कहा गया है कि बिजली फॉल्ट बनाने के बाद 99 गांव की बिजली सप्लाई प्रभावित होती है। फॉल्ट खोजने में दिन-रात अमला लगा रहता है। पिछले एक सप्ताह से यह घटनाएं हो रही हैं। लगातार रात-दिन फॉल्ट खोजने में लगे कर्मचारी अब बीमार पड़ने लगे हैं। आम जनता ये समझ रही है कि बिजली विभाग लाइन को बंद करता है। इससे विभाग बदनाम हो रहा है और जनता परेशान।