दमोह-सागर हाईवे पर सरखड़ी गांव के पास एक स्कॉर्पियो पलटने से महिला की मौके पर मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए। सभी लोग गमी में शामिल होने दमोह जा रहे थे। घायलों को जबलपुर रेफर किया गया है। आठ घंटे में इसी जगह दूसरा हादसा हुआ।
दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र की सागर नाका चौकी अंतर्गत दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर सरखड़ी गांव के समीप बुधवार दोपहर एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें एक महिला की मौके पर मौत हो गई और दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तत्काल ही इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। यह सभी लोग सागर से दमोह किसी परिजन की मौत होने पर गमी में शामिल होने के लिए आ रहे थे, लेकिन उसके पहले ही यह हादसा हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आठ घंटे में दूसरा हादसा
आपको बता दें इसी स्थान पर घटना के कुछ घंटे पहले ही एक ऑटो भी अनियंत्रित होकर पलटा था। इसमें करीब 13 लोग घायल हुए थे जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर रेफर किया गया।