दमोह शहर के जबलपुर नाका स्थित रॉयल दमयंती पैलेस में शनिवार दोपहर सगाई समारोह के दौरान खाना बनाते समय गैस पाइपलाइन में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आकर झुलसे तीन कैटरिंग कर्मचारियों में से अब दो की मौत हो चुकी है। छत्तीसगढ़ निवासी गौरव कुमार की जिला अस्पताल में मौत के बाद गंभीर रूप से घायल अजय शर्मा ने भी जबलपुर ले जाते समय दम तोड़ दिया। तीसरे घायल का उपचार जारी है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जबलपुर ले जाते समय अजय ने तोड़ा दम
हादसे में गंभीर रूप से झुलसे अजय शर्मा को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया था। शनिवार शाम करीब छह बजे जबलपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को वापस दमोह लाया गया और जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल के अनुसार, मृतकों के परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों शव जिला अस्पताल के शवगृह में रखे गए हैं।
खाना बनाते समय अचानक भड़की आग
बताया गया कि होटल में अग्रवाल परिवार का सगाई समारोह आयोजित था। कार्यक्रम के लिए बाहर से कैटरिंग टीम बुलाई गई थी। खाना तैयार करने के दौरान गैस पाइपलाइन से गैस रिसाव हुआ और अचानक आग भड़क गई। आग बुझाने के प्रयास में कैटरिंग कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद होटल में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
पढे़ं: इंदौर में राहुल गांधी ने उठाया सिस्टम का मुद्दा, बोले- देश में टॉप लेयर पर छह लोग बैठे हैं
आग बुझाने के दौरान झुलसे कर्मचारी
हादसे के बाद होटल स्टाफ, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जानकारी में गैस पाइपलाइन से रिसाव के बाद आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
घटना को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच टीम को तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। जांच में अग्नि दुर्घटना के कारणों के साथ होटल में आग से सचेत करने के लिए फायर अलार्म की व्यवस्था, आपात स्थिति से निपटने के इंतजाम और अग्नि सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी जुटाई जाएगी। इसके अलावा भवन निर्माण से पहले फायर अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) प्राप्त किया गया था या नहीं, कार्यक्रम आयोजकों द्वारा आवश्यक सुरक्षा सावधानियां बरती गई थीं या नहीं, इन बिंदुओं की भी जांच की जाएगी। जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों को भी रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।
चार सदस्यीय टीम करेगी जांच
जांच के लिए दमोह एसडीएम, सीएसपी, नगर पालिका सीएमओ और जिला आपूर्ति अधिकारी को शामिल किया गया है। टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर दस्तावेजों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करेगी तथा निर्धारित समय में अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेगी।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव
पुलिस के अनुसार दोनों मृतकों के शव जिला अस्पताल के शवगृह में रखे गए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों और होटल में मौजूद सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच कर रही है।