जिले के पथरिया थाना पुलिस ने तीन माह से फरार चल रहे दुष्कर्म के इनामी आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 12 बोर का अवैध देशी कट्टा और कारतूस भी बरामद किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पांच हजार का इनाम भी घोषित किया था। उसे पकड़ने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।
पथरिया थाना टीआई सुधीर बेगी ने बताया कि 10 जनवरी 2024 को थाना क्षेत्र की एक युवती ने शिकायत की थी कि पांच जनवरी को वह अपने घर के अंदर सो रही थी। तभी आरोपी धर्मेंद्र लोधी आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ में धमकी देते हुए बोला कि यदि किसी को बताया तो जान से मार देगा। पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना पथरिया में धारा 376, 450, 323, 506 का मामला दर्ज कर विवेचना की गई।
आरोपी घटना के बाद से फरार था। आरोपी पर दमोह एसपी ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि धर्मेंद्र लोधी गांव में कट्टा लेकर घूम रहा है। जेरठ चौकी प्रभारी आनंद अहिरवार ने मौके पर जाकर आरोपी के कब्जे से एक 12 बोर का अवैध कट्टा और एक कारतूस जब्त कर गिरफ्तार किया है।